वॉर्म-अप मुकाबले से बाहर हुआ टीम इंडिया का स्टार प्लेयर, Galle Test खेलने पर भी बना सस्पेंस
Table of Contents
श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया (Team India) तैयार नजर आ रही है। दौरे के लिए भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका पहुंच गई थी और 5 अगस्त को कोलंबो में अभ्यास भी किया। दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू होनी है लेकिन उससे पहले तैयारियों को पुख्ता करने के लिए भारतीय टीम श्रीलंका XI के खिलाफ एक वॉर्म-अप मैच भी खेलेगी।
यह वॉर्म-अप मैच 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो में खेला जाएगा। इस मैच को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि 9 साल बाद टीम इंडिया (Team India) श्रीलंका की सरजमीं पर कोई टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। इस वजह से वहां की कंडीशंस में ढलने के लिए अभ्यास मैच काफी महत्वपूर्ण रहेगा। हालांकि, इससे पहले भारत को एक बुरी खबर मिली है, क्योंकि प्रमुख बल्लेबाज इस मैच से बाहर हो गया है।
Team India को लगा झटका, वॉर्म मुकाबले में नहीं खेल पाएगा ये बल्लेबाज

श्रीलंका XI के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भारतीय टीम (Team India) के प्रमुख बल्लेबाज साई सुदर्शन हिस्सा नहीं ले पाएंगे। सुदर्शन इंजरी से उबर रहे हैं और अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं। इसी वजह से 4 अगस्त को टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ श्रीलंका नहीं रवाना हुए थे और अभी भी भारत में ही हैं।
BCCI ने टेस्ट स्क्वाड की घोषणा के समय ही बताया था कि टीम इंडिया (Team India) के लिए नंबर-3 पर खेलने वाले साई सुदर्शन का चयन फिटनेस के अधीन होगा। इसका मतलब था कि सुदर्शन फिट होने पर ही श्रीलंका टेस्ट सीरीज का हिस्सा बनेंगे और अगर ऐसा नहीं हुआ तो वो बाहर हो जाएंगे।
इस तारीख को साई सुदर्शन कर सकते हैं टीम इंडिया को ज्वाइन
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, साई सुदर्शन के शनिवार, 8 अगस्त को कोलंबो में टीम इंडिया (Team India) के साथ जुड़ने की संभावना है। रिपोर्ट में बताया गया है कि सुदर्शन एक निगल से उबरने के लिए रिहैब कर रहे हैं और जल्द ही पूरी तरह फिट हो सकते हैं।
सुदर्शन ने अपने करीबी दोस्तों से कहा था कि वह 'इस हफ्ते के आखिर में' श्रीलंका के लिए रवाना होंगे। अब पता चला है कि वह सप्ताह अंत तक जा सकते हैं, जिसका मतलब है कि वह तीन दिन के वॉर्म-अप मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जो शुक्रवार से शुरू हो रहा है।
गाले टेस्ट में खेलने को लेकर अभी भी संशय
साई सुदर्शन के पैर के अंगूठे में हल्की चोट है। हालांकि, उन्होंने बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिर से बैटिंग शुरू कर दी है और उम्मीद है कि उन्हें CoE के मेडिकल स्टाफ से मंजूरी मिल जाएगी। ऐसा हुआ तो वो इसी सप्ताह के अंत तक टीम इंडिया के साथ जड़ जाएंगे और फिर उनके 15 अगस्त से गाले में होने वाले पहले टेस्ट में खेलने की संभावना बढ़ जाएगी।
वहीं, अगर सुदर्शन को फिट नहीं घोषित किया गया और ज्यादा समय लगा तो फिर श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया को उनके बिना ही उतरना पड़ सकता है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पिछले साल ही टेस्ट में डेब्यू किया था और अभी तक भारत के लिए 7 टेस्ट खेल चुके हैं, जिनमें तीन अर्धशतक की मदद से 383 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें: स्टीफन फ्लेमिंग के बाद अब इस दिग्गज की होगी CSK से छुट्टी, अब इंग्लैंड की टीम से जुड़ेगा