IND A vs NZ A: यशस्वी जायसवाल फिर गरजे, जड़ा लगातार दूसरा शतक, इंडिया A का स्कोर 2 विकेट खोकर 227 रन
Table of Contents
IND A vs NZ A 3rd unofficial Test: लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का तीसरा रेड बॉल मुकाबला खेला जा रहा है। इसके पहले दिन का खेल बारिश की वजह से जल्दी समाप्त करना पड़ा और इंडियन टीम ने 69.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 227/2 का स्कोर बनाया।
इस मुकाबले (IND A vs NZ A) के पहले दिन फैंस को यशस्वी जायसवाल की शानदार पारी देखने को मिली, जिन्होंने शतक बनाया। इसकी बदौलत जायसवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए हुंकार भर दी है।
IND A vs NZ A सीरीज में जायसवाल ने ठोका लगातार दूसरा शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए यशस्वी जयसाल को BCCI इन इंडिया ए के स्क्वाड में चुना था। हालांकि, इस सीरीज की पहली तीन पारियों में जायसवाल ने काफी निराश किया और वह 23 रन ही जोड़ पाए, जिसमें क्राइस्टचर्च में खेले गए मैच की पहली पारी का एक डक भी शामिल रहा। इस मैच की दूसरी पारी में जायसवाल ने कमाल की बल्लेबाजी की और बेहतरीन शतक बनाते हुए 155 रनों की उम्दा पारी खेली।
अब इस बाएं हाथ के ओपनर ने लिंकन में खेले जा रहे तीसरे मैच की पहली पारी में भी सेंचुरी ठोक दी। इस तरह जायसवाल ने लगातार दूसरा शतक बनाया। उन्होंने 138 गेंदों में 102 रनों की पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
जायसवाल-सुदर्शन के बीच 175 रनों की साझेदारी

IND A vs NZ A तीसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए टीम की शुरुआत जबरदस्त रही। यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने 46 ओवर तक मोर्चा संभाले रखा और कीवी गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया। इनके बीच 175 रनों की साझेदारी हुई, जिसका अंत 47वें ओवर की तीसरी गेंद पर जायसवाल के आउट होने से हुआ। सुदर्शन ने भी अर्धशतक जड़ा।
इंडिया ए ने 2 विकेट खोकर बनाए 227 रन
सुदर्शन दिन के अंत तक जमे रहे और उन्होंने संयम दिखाते हुए 205 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए। हालांकि, देवदत्त पडीक्कल का बल्ला नहीं चला और उन्होंने 53 गेंदों में महज 15 रन ही बनाए। जब खेल समाप्त हुआ तो सुदर्शन के साथ कप्तान ध्रुव जुरेल 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। न्यूजीलैंड की तरफ से जैरोड मैके और डैनरू फर्न्स को 1-1 विकेट मिला।
दूसरे दिन इंडिया ए का प्रयास 400 का स्कोर हासिल करने का होगा। टीम के पास अभी 8 विकेट शेष हैं। ऐसे में कीवियों को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है।