IND vs AFG: राहुल-शुभमन का शतक, साई की फिफ्टी... पहले ही दिन भारतीय बल्लेबाजों ने उड़ाए मेहमान टीम के परखच्चे, गेंदबाजों की धुलाई कर बनाए 368 रन

Published - 06 Jun 2026, 05:02 PM | Updated - 06 Jun 2026, 05:39 PM

IND Vs AFG

IND vs AFG Mullanpur Test Day 1: भारत की मेंस क्रिकेट टीम लंबे समय बाद मैदान पर वापस आ गई है और अफगानिस्तान के खिलाफ एक्शन की शुरुआत हो चुकी है। दोनों टीमों के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज से एकमात्र टेस्ट मुकाबले की शुरुआत हो गई है।

मैच (IND vs AFG) का पहला दिन पूरी तरह से भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा और खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने 368/3 का स्कोर बनाया। क्रीज पर शुभमन गिल और ऋषभ पंत मौजूद हैं। गिल शतक बना चुके हैं, जबकि पंत भी अर्धशतक बनाने में सफल रहे। अफगानिस्तान के लिए पहले दिन मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे।

IND vs AFG: यशस्वी जायसवाल सस्ते में हुए आउट

IND Vs AFG 1

टॉस जीतकर IND vs AFG मैच में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, टीम इंडिया की शुरुआत बहुत ज्यादा अच्छी नहीं रही। केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत करने आए यशस्वी जायसवाल अफगानिस्तान के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण का ज्यादा फायदा नहीं उठा पाए और पहले ही घंटे में आउट हो गए, जिसके कारण 41 के स्कोर पर पहला झटका लगा। जायसवाल ने 32 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाए।

IND vs AFG: राहुल-सुदर्शन की जबरदस्त साझेदारी, अफगानिस्तानी गेंदबाज बेबस

यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद, केएल राहुल का साथ देने साई सुदर्शन आए। इन दोनों ने लंच तक अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए स्कोर को 100 के करीब पहुंचा दिया। IND vs AFG टेस्ट मैच के पहले दिन के दूसरे सत्र में राहुल और सुदर्शन ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। इसके बाद, दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी की।

लग रहा था कि राहुल-सुदर्शन की जोड़ी दूसरे सत्र में में टीम इंडिया को कोई झटका नहीं लगने देगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चाय से कुछ देर पहले मोहम्मद सलीम ने सुदर्शन को आउट करते हुए दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी का अंत किया। साई 104 गेंदों में 13 चौकों की बदौलत 83 रन बनाकर पवेलियन लौटे और भारत को 180 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। इसके बाद, दूसरे सत्र का अंत टीम इंडिया ने 209/2 के स्कोर पर किया।

IND vs AFG: तीसरे सत्र में राहुल और गिल का शतक

एक छोर से जोड़ीदार बदल रहे थे लेकिन केएल राहुल डटे हुए थे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी निभाई और अपना शतक भी पूरा करने में सफल रहे। राहुल ने 164 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक पूरा किया। हालांकि, इसके बाद ही उनकी पारी का अंत हो गया और ओपनिंग बल्लेबाज को पवेलियन लौटना पड़ा। राहुल ने 165 गेंदों में 100 रनों की पारी खेली और 11 चौके भी जड़े।

इसके बाद, शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला। गिल ने 68 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर दिन का खेल खत्म होने से पहले अपनी सेंचुरी पूरी करने में भी सफल रहे। गिल ने 138 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा।

गिल-पंत की शतकीय साझेदारी, IND vs AFG टेस्ट का पहला दिन मजबूती के साथ खत्म

केएल राहुल के आउट होने के बाद, शुभमन गिल का साथ देने आए ऋषभ पंत ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की। पंत ने कमजोर गेंदों पर प्रहार किया और जहां संयम की जरूरत रही, वहां धैर्य दिखाया। इन दोनों ने 151 गेंदों में 121 रनों की अविजित साझेदारी कर ली है। इसी वजह से भारत ने पहले दिन का अंत 350 का आंकड़ा पार करते हुए किया। स्टंप्स तक गिल 143 गेंदों में 103 रन बना चुके थे। वहीं, पंत भी 70 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद लौटे। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए BCCI ने किया विराट कोहली के रिप्लेसमेंट का ऐलान, यशस्वी जायसवाल को मिली जगह

Tagged:

indian cricket team shubman gill kl rahul afghanistan cricket team rishabh pant Sai Sudharsan
Prashant

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com