BCCI ने गिल-केएल-बुमराह को सुनाया बड़ा फरमान, अब तीनों को माननी पड़ेगी ये बात

Published - 30 Sep 2026, 01:54 PM | Updated - 30 Sep 2026, 02:37 PM

BCCI 5

BCCI ने अभी से भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए खास प्लानिंग शुरू कर दी है। पिछले कुछ समय से टेस्ट फॉर्मेट में टीम इंडिया का प्रदर्शन मजबूत टीमों के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है। इसकी शुरुआत 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही हुई थी, जब कीवी टीम ने भारतीय सरजमीं पर इतिहास रचते हुए टीम इंडिया को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

इस सीरीज हार के बाद से ही रेड बॉल फॉर्मेट में भारत का हाल बुरा होना शुरू हो गया था। अब BCCI की नजर टीम इंडिया को मजबूती से तैयार करने की है, ताकि न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज जीत के साथ बदला पूरा किया जा सके। यही कारण है कि बोर्ड ने कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान केएल राहुल और तेज गेंदबाजी अटैक के लीडर जसप्रीत बुमराह को लेकर खास योजना बनाई है।

न्यूजीलैंड दौरे से पहले BCCI गिल और राहुल को रणजी में उतार सकती है

BCCI 6

न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारत के घरेलू सीजन में रणजी ट्रॉफी के नए सीजन की शुरुआत हो जाएगी। इस बार 11 अक्टूबर से टूर्नामेंट का आगाज होगा। इसी वजह से BCCI शुभमन गिल और केएल राहुल समेत कुछ अन्य प्रमुख खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लेने को कह सकता है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, चयन समिति और टीम मैनेजमेंट की सहमति बनी है कि टेस्ट टीम में जगह बनाने के दावेदारों से रणजी ट्रॉफी में अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए खेलने को कहा जाएगा। कप्तान शुभमन गिल और उप-कप्तान केएल राहुल तैयारी की अगुवाई करेंगे। इन दोनों के क्रमशः पंजाब और कर्नाटक के लिए कम से कम एक ग्रुप स्टेज मैच खेलने की संभावना है।

मैचों की संख्या मेडिकल टीम के आदेश पर करेगी निर्भर

फिलहाल BCCI की योजना टेस्ट स्क्वाड के दावेदारों को कम से कम रणजी मैच में उतारने की है। वहीं, इसके बाद अगर मेडिकल टीम अनुमति देती है तो सिर्फ टेस्ट में खेलने वाले खिलाड़ियों को एक से ज्यादा मैच खेलने को कहा जा सकता है। हालांकि, जो खिलाड़ी दो फॉर्मेट में खेलते हैं, उनके लिए सिर्फ एक रणजी मैच की अनिवार्यता की जा सकती है।

घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि मैच और उनके खेलने वाले मैचों की संख्या मेडिकल टीम की मंज़ूरी पर निर्भर करेगी, जिसमें वर्कलोड और असाइनमेंट का ध्यान रखा जाएगा। हमें यह भी ध्यान में रखना होगा कि कुछ खिलाड़ी दो फॉर्मेट में खेलते हैं। उसी के अनुसार फ़ैसला लिया जाएगा, लेकिन खेलने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उम्मीद है कि कप्तान समेत सभी सीनियर खिलाड़ी कम से कम एक मैच खेलेंगे, बशर्ते कोई मेडिकल या वर्कलोड से जुड़ी समस्या न हो।"

बुमराह के लिए अलग प्लान

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने काफी समय से कोई भी टेस्ट मुकाबला नहीं खेला है। वे आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले थे। इसी वजह से बुमराह की फिटनेस और गेम टाइम के लिए BCCI उन्हें रेड बॉल मैच खिलाना चाहती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें गुजरात की तरफ से रणजी मुकाबला खेलने को कहा जाएगा या फिर वे इंडिया ए की तरफ से न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाले किसी एक मल्टी डे मुकाबले में हिस्सा लेंगे।

इंडिया ए की टीम को भी न्यूजीलैंड का दौरा करना है। इस दौरान दोनों के बीच तीन मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इसकी शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी। अगर बुमराह को रणजी में नहीं खिलाया जाता है तो फिर वे न्यूजीलैंड ए के खिलाफ किसी एक अनाधिकारिक टेस्ट में नजर आ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: 3 पूर्व दिग्गज जो अजीत अगरकर के इस्तीफे के बाद बन सकते हैं भारत के मुख्य चयनकर्ता

Tagged:

shubman gill team india kl rahul bcci jasprit bumrah Ranji Trophy 2026-27
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com