अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए BCCI ने किया विराट कोहली के रिप्लेसमेंट का ऐलान, यशस्वी जायसवाल को मिली जगह
Table of Contents
Virat Kohli's replacement Yashasvi Jaiswal: 6 जून का दिन भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए काफी व्यस्त साबित हो रहा है। एक तरफ मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। दूसरी तरह BCCI ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। वहीं, श्रीलंका में होने वाले दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भी स्क्वाड घोषित कर दिया गया।
इन सभी स्क्वाड का ऐलान BCCI ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर किया। इस दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से विराट कोहली (Virat Kohli) के चोटिल होकर बाहर होने की भी आधिकारिक पुष्टि हो गई, जिसका कुछ दिनों पहले ही मीडिया रिपोर्ट्स में अपडेट आ गया था। हालांकि, कोहली के रिप्लेसमेंट के रूप में रुतुराज गायकवाड़ को दावेदार माना जा रहा था लेकिन अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने बाएं हाथ के ओपनर यशस्वी जायसवाल को चुना है।
Virat Kohli के रिप्लेसमेंट के रूप में यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में मिला मौका

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए BCCI ने शुभमन गिल की कप्तानी में 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान किया था। उस दौरान विराट कोहली (Virat Kohli) को भी जगह दी गई थी लेकिन दैनिक जागरण ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कोहली को हैमस्ट्रिंग में इंजरी हुई है।
इसी वजह से उनका 13 जून से अफगानिस्तान के विरुद्ध तीन वनडे मैचों की सीरीज में खेलना संभव नहीं है। इसके बाद से ही विराट कोहली (Virat Kohli) के रिप्लेसमेंट की चर्चा शुरू हो गई थी और रुतुराज गायकवाड़ के साथ-साथ देवदत्त पडीक्कल, तिलक वर्मा और साई सुदर्शन का नाम भी सामने आया लेकिन सभी को पीछे छोड़ते हुए यशस्वी जायसवाल आगे निकल गए।
जायसवाल ने अभी तक वनडे में ज्यादा नहीं खेला है
हालांकि, वनडे सीरीज के दौरान यशस्वी जायसवाल नंबर 3 पर खेलेंगे, इसको लेकर अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। जायसवाल एक ओपनर हैं, जबकि विराट कोहली (Virat Kohli) वन डाउन बल्लेबाजी करते हैं। यशस्वी ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था और अब तक इस फॉर्मेट में चार मैच खेल चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 में विशाखापट्ट्नम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए अपने आखिरी वनडे में नाबाद 116 रन बनाए थे।
अगरकर ने विराट कोहली की वापसी पर भी दिया अपडेट
विराट कोहली (Virat Kohli) की हैमस्ट्रिंग में इंजरी आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान हुई। 31 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान बल्लेबाजी करते समय कोहली ने मैदान में ट्रीटमेंट भी लिया था। हालांकि, उस समय उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं लग रही थी और RCB के बैक-टू-बैक चैंपियन बनने का सेलिब्रेशन भी नाचते-कूदते मनाया था। लेकिन बाद में इंजरी की गंभीर सामने आई।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि विराट कोहली (Virat Kohli) अफगानिस्तान वनडे सीरीज के साथ-साथ इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली ODI सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं लेकिन अब अजित अगरकर ने उनकी वापसी पर हिंट दिया है और उम्मीद जताई है कि कोहली तब तक फिट हो सकते हैं।
विराट कोहली की इंग्लैंड वनडे सीरीज में वापसी को लेकर अजित अगरकर ने कही बड़ी बात
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ने कहा,
"विराट को IPL फाइनल में चोट लगे अभी एक हफ्ता भी नहीं बीता है। अभी तक हमें उनकी वापसी की समय-सीमा का पता नहीं है। लेकिन ऐसा लग रहा है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए फिट हो सकते हैं। हालांकि, अभी यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता है। फिजियो से भी अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।"