प्रिंस या किंग: 40 टेस्ट के बाद कौन है टीम इंडिया का बेस्ट बल्लेबाज? कोहली को टक्कर दे रहे शुभमन, यहां देखिए आंकड़ों का पूरा लेखा-जोखा
Table of Contents
Shubman Gill vs Virat Kohli: भारत के होम सीजन की शुरुआत हो चुकी है। टीम इंडिया की पहली चुनौती अफगानिस्तान टीम है और दोनों के बीच एक टेस्ट व तीन वनडे खेले जाने हैं। आज से टेस्ट मुकाबले का आगाज हो चुका है और यह मैच मुल्लांपुर के महाराज यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। WTC का हिस्सा न होने के बावजूद इस टेस्ट के लिए भारत ने एक मजबूत स्क्वाड चुना और प्लेइंग XI में भी लगभग अपने सभी नियमित खिलाड़ियों को उतारा है। एकमात्र नए चेहरे के रूप में मानव सुथार का डेब्यू हुआ है।
अफगानिस्तान के खिलाफ जारी मुकाबले में कप्तानी कर रहे शुभमन गिल (Shubman Gill) के टेस्ट करियर का 41वां मैच है। विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास के बाद, गिल को नंबर चार की जिम्मेदारी दी गई है। इस युवा खिलाड़ी ने अपने करियर की शुरुआत ओपनर के रूप में की थी लेकिन फिर कुछ समय तक नंबर तीन भी खेले और अब टू डाउन बल्लेबाजी करते नजर आते हैं। गिल का टेस्ट में अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन रहा है और उनकी तुलना कोहली से भी होती है।
ऐसे में 40 टेस्ट मैचों के आधार पर शुभमन गिल (Shubman Gill) या विराट कोहली में से आंकड़ों के आधार कौन आगे है, इसके बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं।
Shubman और Kohli के 40 टेस्ट मैचों के आंकड़े

विराट कोहली ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्स्टन में खेले गए मुकाबले से अपना टेस्ट डेब्यू किया था और कुछ ही समय में नियमित रूप से प्लेइंग XI का हिस्सा बन गए। हालांकि, उनके लिए शुरुआत में सफर आसान नहीं रहा लेकिन फिर उन्होंने अपने पैर जमाने में सफलता प्राप्त की। अगर उनके करियर के पहले 40 टेस्ट मैचों की बात की जाए तो तो उन्हें 70 पारियों में बल्लेबाजी का मौका मिला। इस दौरान कोहली ने 43.36 की औसत से 2862 रन बनाए थे। वहीं, उनका स्ट्राइक रेट 52.71 का रहा था। विराट के बल्ले से 11 अर्धशतक और 11 शतक भी आए।
दूसरी तरफ शुभमन गिल (Shubman Gill) की बात करें तो उनका टेस्ट डेब्यू 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में हुआ था। शुरूआती मुकाबलों में गिल ने काफी प्रभावित किया लेकिन फिर उनमें निरंतरता की कमी दिखी। इसके बाद में उन्हें ओपनिंग से हटा दिया गया और उन्हें नंबर 3 की जिम्मेदारी दी गई।
हालांकि, फिर जब उन्हें पिछले साल कप्तान बनाया गया तो अपनी बल्लेबाजी पोजीशन 3 से 4 कर ली और अब इसी पर नियमित रूप से खेल रहे हैं। शुभमन (Shubman) के 40 टेस्ट के आंकड़ों का जिक्र करें तो उन्होंने 73 बार बल्लेबाजी की और 43.07 की औसत और 61.49 की स्ट्राइक रेट से 2843 रन बनाए हैं। गिल के बल्ले से 10 शतक और आठ अर्धशतक भी आए हैं।
विराट के जैसा ही शुभमन का प्रदर्शन
40 टेस्ट में विराट कोहली और शुभमन गिल (Shubman Gill) के आंकड़ों की तुलना करें तो दोनों में ज्यादा अंतर नहीं है। रनों के मामले में शुभमन से विराट 19 रन आगे हैं। औसत के मामले में भी कोहली थोड़ा आगे हैं। शतक और अर्धशतक में भी किंग का जलवा है और गिल उनसे पीछे हैं। हालांकि, सर्वाधिक स्कोर में शुभमन आगे हैं, क्योंकि उन्होंने इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ते हुए 269 रनों की शानदार पारी खेली थी लेकिन कोहली का बेस्ट स्कोर 169 रहा और वे डबल सेंचुरी नहीं बना पाए।
प्रिंस से किंग थोड़ा आगे
इस तरह तुलना के आधार पर किंग और प्रिंस में कौन बेहतर है, इसका सटीक जवाब देना थोड़ा मुश्किल है लेकिन कहीं न कहीं विराट थोड़ा सा आगे मालूम पड़ते हैं। हालांकि, कोहली अपने करियर का अंत 10000 टेस्ट रनों के साथ नहीं पूरा कर पाए। देखना होगा कि जब गिल रिटायर होंगे तो वो इस आंकड़े को को हासिल कर पाएंगे या नहीं।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया घोषित, तिलक वर्मा बने उपकप्तान, सूर्या समेत ये 4 दिग्गज बाहर