लंबे समय से बाहर चल रहे ये 3 खिलाड़ी, लेकिन वेस्टइंडीज ODI सीरीज में हो सकती है वापसी
Table of Contents
India vs West Indies: भारत को सितंबर-अक्टूबर में वेस्टइंडीज की मेजबानी करनी है। इस दौरान दोनों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर से होगी। इस सीरीज के शेड्यूल का टकराव एशियन गेम्स 2026 में 24 सितंबर से शुरू होने वाले पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट से होगा, क्योंकि दोनों ही 3 अक्टूबर को समाप्त होंगे।
इसी वजह से भारत के काफी सारे प्रमुख खिलाड़ी वेस्टइंडीज (West Indies) के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने से चूक सकते हैं, क्योंकि BCCI ने एशियन गेम्स के लिए मुख्य खिलाड़ियों का स्क्वाड में चयन किया है। इसका फायदा उन खिलाड़ियों को मिल सकता है, जो काफी समय से भारतीय वनडे टीम में नजर नहीं आए हैं। इस लेख में हम ऐसे ही 3 खिलाड़ियों का जिक्र करने जा रहे हैं।
West Indies वनडे सीरीज के लिए इन 3 खिलाड़ियों की लंबे समय बाद ODI टीम में हो सकती है वापसी
1. ऋषभ पंत

एक समय ऋषभ पंत भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट में मुख्य विकेटकीपर हुआ करते थे लेकिन वे सिर्फ टेस्ट तक ही सीमित रह गए हैं। इस खिलाड़ी को वनडे में तो काफी समय से खेलने का ही मौका नहीं मिला है। उन्होंने अपना आखिरी ODI मैच 2024 में श्रीलंका के दौरे पर खेला था। इसके बाद पंत का चयन कई सीरीज के लिए हुआ लेकिन उन्हें खिलाया नहीं गया।
वहीं, इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से वे चोट के कारण बाहर हो गए थे। तब से उन्हें वापसी का मौका नहीं मिला है लेकिन वेस्टइंडीज (West Indies) सीरीज के लिए किस्मत चमक सकती है। ईशान किशन के एशियन गेम्स के स्क्वाड में होने की वजह से पंत को सेलेक्ट किया जा सकता है।
2. रुतुराज गायकवाड़
दाएं हाथ के बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को लिस्ट ए क्रिकेट काफी रास आता है और उनका औसत भी कमाल का है। इसके बावजूद उन्होंने भारत की वनडे टीम के लिए काफी कम मुकाबले खेले हैं। गायकवाड़ को आखिरी बार पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रेयस अय्यर के चोटिल होने की वजह से चुना गया था।
गायकवाड़ ने मौके का फायदा उठाते हुए सीरीज के अंतिम मैच में शानदार शतक लगाया था लेकिन इसके बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था। वेस्टइंडीज (West Indies) सीरीज में भी अय्यर के खेलने की संभावना कम है, क्योंकि वे एशियन गेम्स में कप्तानी करेंगे। इसी वजह से चयनकर्ता गायकवाड़ को मौका दे सकते हैं।
3. मोहम्मद सिराज
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा लिया था। इसके बाद से उन्हें अफगानिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ नहीं चुना गया। हालांकि, अब उन्हें वापसी का मौका मिल सकता है, क्योंकि बुमराह को एशियन गेम्स के स्क्वाड में जगह दी गई है। इसी वजह से उनका वेस्टइंडीज (West Indies) के खिलाफ खेलना मुश्किल लग रहा है।
ऐसे में चयनकर्ता युवा तेज गेंदबाजों के साथ मोहम्मद सिराज को अनुभव के कारण चुन सकते हैं। इसी बहाने सिराज की भी 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए परीक्षा हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: PAK के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने किया टीम का ऐलान, इन 15 खिलाड़ियों को मौका