Team India में पड़ी दरार, कोच गंभीर से सीनियर खिलाड़ी हुए नाराज, जानें पूरा मामला

Published - 10 Jun 2026, 11:18 AM | Updated - 10 Jun 2026, 01:03 PM

Team India

Rift in Team India: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ ही टीम इंडिया के मिशन 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए तैयारियों की आधिकारिक शुरुआत मानी जा रही है। वैसे तो अफगान टीम कमजोर है लेकिन यहां से हेड कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ता अगले साल होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट के लिए बेस्ट कॉम्बिनेशन तलाशना शुरू कर देंगे। कुछ प्रमुख खिलाड़ी चोट या आराम के कारण सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, इनकी वापसी इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने हो सकती है।

हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है और बताया जा रहा है कि टीम इंडिया (Team India) में सबकुछ ठीक नहीं है। जानकारी के अनुसार, कुछ सीनियर खिलाड़ी टीम मैनेजमेंट के साथ 2027 वनडे वर्ल्ड कप की प्लानिंग को लेकर एकमत नहीं हैं।

Team India के सीनियर खिलाड़ियों और गौतम गंभीर में मतभेद की खबर

Team India 10

भारत (Team India) ने नए कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी में अभी ज्यादा वनडे सीरीज नहीं खेली हैं। गिल ने दो ओडीआई सीरीज में अगुआई की है और दोनों में ही टीम को हार का सामना करना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जरूर भारत ने जीत हासिल की थी लेकिन उस दौरान कप्तानी केएल राहुल ने की थी।

गौतम गंभीर और अजित अगरकर ने पिछले साल कड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा दिया था, जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी। भविष्य को ध्यान में रखते हुए शुभमन गिल को टीम इंडिया (Team India) का नया वनडे कप्तान नियुक्त किया गया था और वनडे वर्ल्ड कप में भी उनके ही लीड करने की पूरी उम्मीद है लेकिन उससे पहले सीनियर खिलाड़ियों के टीम मैनेजमेंट की योजनाओं से खुश नहीं होने की खबर आ रही है।

BCCI से टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों ने की स्पष्टता की मांग

वनडे टीम (Team India) के सेटअप को लेकर चल रही उलझन के बीच, खासकर रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों की जगह को लेकर, कुछ खिलाड़ियों ने टीम मैनेजमेंट से बात की है और इस मामले में स्पष्टता मांगी है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार,

"टीम मैनेजमेंट और कुछ सीनियर खिलाड़ियों को एक ही राय पर लाने की ज़रूरत है। यह भी पता चला है कि कुछ सीनियर खिलाड़ी 2027 की योजनाओं के बारे में साफ़ जानकारी पाने के लिए BCCI के प्रभावशाली लोगों के लगातार संपर्क में हैं।"

गिल-गंभीर को प्लानिंग में करना होगा काम

रिपोर्ट में आगे यह भी बताया गया है कि सीनियर खिलाड़ियों के बीच टीम इंडिया (Team India) के वनडे कप्तान शुभमन गिल को अपनी अथॉरिटी दिखानी होगी। वहीं, गौतम गंभीर को भी थोड़ा एक्टिव होना पड़ेगा, जो टेस्ट और टी20 की तुलना में इस फॉर्मेट में थोड़ा ढीले नजर आए हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा,

"टीम में इतने बड़े खिलाड़ियों के होने के बावजूद, ड्रेसिंग रूम में गिल की बात का ज्यादा वजन होना चाहिए। गंभीर ने प्लानिंग में उतनी दिलचस्पी नहीं दिखाई है जितनी उन्होंने बाकी दो फ़ॉर्मेट में दिखाई थी। अब तक, उन्होंने चीज़ों को अपने आप चलने दिया है। अब जब फोकस वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी पर आ गया है, तो उम्मीद की जा सकती है कि गंभीर और गिल जिम्मेदारी संभालेंगे और ड्रेसिंग रूम में अपने विचार साफ़-साफ़ रखेंगे। यह जरूरी है कि जिन सीनियर खिलाड़ियों ने इतने सालों तक भारत के लिए शानदार खेल दिखाया है, उन्हें बताया जाए कि टीम उनसे क्या भूमिका निभाने की उम्मीद करती है और अगले 16 महीनों की तैयारी का क्या प्लान है।"

यह भी पढ़ें: इस भारतीय खिलाड़ी का वनडे में विराट कोहली से भी ज्यादा औसत, फिर भी नहीं मिल रही टीम इंडिया में जगह

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com