IND vs AFG, 1st ODI Pitch Report: बल्लेबाजों की होगी धूम या गेंदबाज मचाएंगे हाहाकार, आंकड़ों के समझिए पिच का हाल?

Published - 10 Jun 2026, 12:34 PM | Updated - 10 Jun 2026, 01:20 PM

IND Vs AFG 11

IND vs AFG 1st ODI Dharamsala Pitch Report: भारत घरेलू सरजमीं पर अफगानिस्तान की मेजबानी कर रहा है। दोनों के बीच हाल ही में टेस्ट मुकाबला हुआ, जो मुल्लांपुर में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने एक पारी और 300 रनों से बाजी मारी और अपनी सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी बनाया। अब इनके बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज में एक्शन देखने को मिला है। भारत पहली बार अफगानिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेल रहा है। इससे पहले वर्ल्ड कप या एशिया कप में ही दोनों के बीच वनडे फॉर्मेट में टक्कर हुई है।

भारत का वनडे में अभी तक अफगानिस्तान से चार बार ही सामना हुआ है और इस दौरान तीन में टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा। अफगानिस्तान की टीम वनडे में पिछले कुछ सालों में पहले के मुकाबले मजबूत हुई है। इसी वजह से शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम को कड़ी चुनौती मिल सकती है। वनडे सीरीज (IND vs AFG) का आगाज 13 जून से होने जा रहा है और पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा, जहां हाल ही में आईपीएल 2026 के कई मैचों में जमकर रनों की बारिश देखने को मिली। ऐसे में जानिए पहले वनडे के लिए पिच का मिजाज कैसा रहेगा।

IND vs AFG पहले वनडे के लिए HPCA स्टेडियम की पिच का हाल

IND Vs AFG 12

धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम सबसे खूबसूरत मैदानों में से एक माना जाता है। यह स्टेडियम समुद्र तल से 1457 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। धौलाधार पर्वत श्रृंखला की पृष्ठभूमि वाले इस HPCA स्टेडियम से दर्शकों को बेहद शानदार नज़ारे देखने को मिलते हैं, खासकर तब जब ऊंची चोटियाँ बर्फ से ढकी होती हैं। इसी वजह से फैंस के मैच देखने का मजा दोगुना हो जाता है। यहां पहली बार 2013 में इंटरनेशनल मुकाबला हुआ था लेकिन इस मैदान की पहचान पहले से ही शानदार वेन्यू के रूप में हो गई थी, क्योंकि आईपीएल के मैच खेले जा चुके थे।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच के मिजाज की बात की जाए तो आईपीएल 2026 के दौरान हुए मुकाबलों में गेंदबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा था और बल्लेबाजों की मौज हुई थी। ज्यादातर मैचों में पारियों के दौरान 200 से ज्यादा का स्कोर बना था।

स्पिनर्स की भूमिका न के बराबर रही थी, जबकि तेज गेंदबाजों की भी जमकर धुनाई हुई थी। हालांकि, IND vs AFG वनडे के दौरान थोड़ा बेहतर पिच की उम्मीद की जा सकती है और कंडीशंस को ध्यान में रखते हुए पेसर्स को मदद मिलने की उम्मीद की जा सकती है। हालांकि, उछाल और तेज आउटफील्ड के कारण बल्लेबाजों को भी फायदा हो सकता है।

IND vs AFG वनडे से पहले HPCA स्टेडियम के ODI आंकड़े

धर्मशाला के मैदान पर अभी तक बहुत ज्यादा वनडे नहीं हुए हैं लेकिन कुल 9 मैचों का आयोजन का हो चुका है। पहला वनडे 2013 में खेला गया था, जबकि आखिरी बार 2023 में इस मैदान पर कोई ODI मैच हुआ था। इस दौरान 4 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 5 मैचों में जीत हासिल की है।

यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 253 और दूसरी पारी का 228 है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 388 है, जबकि न्यूनतम स्कोर 112 है। अगर सबसे सफल रन चेज की बात करें तो सर्वाधिक स्कोर 274/6 है, जबकि न्यूनतम बचाव वाला स्कोर 245/8 है।

IND vs AFG वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमों के स्क्वाड

भारत का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे

अफगानिस्तान का स्क्वाड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, ज़िया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी

यह भी पढ़ें: IND vs AFG ODI Series: कब, कहां और कैसे देखें भारत-अफगानिस्तान सीरीज? जानें लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग डिटेल्स

Tagged:

indian cricket team afghanistan cricket team IND vs AFG 2026 ODI Series
Prashant

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com