इस भारतीय खिलाड़ी का वनडे में विराट कोहली से भी ज्यादा औसत, फिर भी नहीं मिल रही टीम इंडिया में जगह
जब भी 50 ओवर के फॉर्मेट वाले क्रिकेट की बात होती है तो टीम इंडिया के विराट कोहली (Virat Kohli) को सबसे अव्वल माना जाता है। वनडे क्रिकेट में कोहली ने जो निरंतरता दर्शाई है और रिकॉर्ड बनाए हैं, वे किसी भी बल्लेबाज के लिए दोहरा पाना बेहद मुश्किल रहेगा। यही वजह है कि इस फॉर्मेट में कोहली को सबसे आगे माना जाता है और उनकी बल्लेबाजी को देखने को लिए फैंस के साथ-साथ दिग्गज क्रिकेटर भी बेताब रहते हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ भी वनडे सीरीज में कोहली को खेलना था लेकिन आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के कारण वो सीरीज से बाहर हो गए। जब विराट कोहली (Virat Kohli) बाहर हुए तो रिप्लेसमेंट के रूप में ऐसे खिलाड़ी का नाम चर्चा में था, जिसने पिछली बार वनडे स्क्वाड में मौका मिलने पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा था। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उसे नजरअंदाज करते हुए यशस्वी जायसवाल का चयन किया।
जायसवाल भी एक शानदार बल्लेबाज हैं लेकिन जिस खिलाड़ी को इग्नोर किया गया है, उसका लिस्ट ए में विराट कोहली (Virat Kohli) से भी बेहतर औसत है, जो गजब की निरंतरता दिखता है। तो चलिए आपको बताते हैं कि ये खिलाड़ी कौन है और टीम इंडिया में मौका क्यों नहीं मिल रहा।
Virat Kohli से बेहतर लिस्ट ए औसत, फिर भी टीम इंडिया से बाहर है ये खिलाड़ी

हम यहां जिस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं, वो रुतुराज गायकवाड़ हैं। रुतुराज को आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में चुना गया था और उन्होंने एक बेहतरीन शतक भी जड़ा था। इसके बावजूद तब से उन्हें दोबारा नहीं चुना गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली (Virat Kohli) के रिप्लेसमेंट के रूप में रुतुराज के चुने जाने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी।
इस समय रुतुराज गायकवाड़ श्रीलंका दौरे पर इंडिया ए के साथ हैं, जहां वनडे ट्राई-सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज की शुरुआत 9 जून से हुई और पहले ही मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ रुतुराज ने अपनी क्लास दिखाते हुए लिस्ट ए करियर का 21वां शतक जड़ा।
एक समय इंडिया ए की पारी लड़खड़ाती हुई नजर आ रही थी लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ने 114 गेंदों में 101 रन बनाकर टीम की 277/6 के स्कोर तक पहुंचने में मदद की। इसके बाद, श्रीलंका ए की पारी 269 पर सिमट गई और इंडिया ए को 8 रनों से जीत हासिल हुई।
लिस्ट ए में औसत के मामले में रुतुराज गायकवाड़ सबसे आगे
टीम इंडिया में रुतुराज गायकवाड़ को टेस्ट और टी20आई में भले ही प्रदर्शन के लिहाज से ज्यादा मजबूत दावेदार ना माना जाए लेकिन वनडे टीम में जगह के लिए उनके लिस्ट ए आंकड़े बहुत ही शानदार हैं। उनका बल्लेबाजी औसत विराट कोहली (Virat Kohli) और माइकल बेवन जैसे दिग्गजों से भी ज्यादा है।
अभी तक रुतुराज ने 100 लिस्ट ए मुकाबले खेले हैं और 96 पारियों में 59.32 की औसत से 5161 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 21 शतक और 19 अर्धशतक आए हैं।अगर बात करें विराट कोहली (Virat Kohli) के लिस्ट ए आंकड़ों की तो उन्होंने काफी ज्यादा मैच खेले हैं लेकिन फिर भी औसत के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने 347 मैचों की 334 पारियों में 57.91 की औसत से 16447 रन बनाए हैं।
वहीं, फिनिशर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज माइकल बेवन लिस्ट ए में बेस्ट औसत के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। बेवन ने 427 मैचों की 385 पारियों में 57.86 की औसत से 15103 रन अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें: पहले ODI के लिए भारत की प्लेइंग 11 का किया गया ऐलान, गिल, रोहित, जायसवाल, अय्यर....