PSL में नया बवाल, ड्रग्स केस से हिली क्रिकेट दुनिया! इस पाकिस्तानी स्टार क्रिकेटर पर लगे इल्जाम
Published - 22 Apr 2026, 04:58 PM | Updated - 22 Apr 2026, 05:05 PM
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने क्रिकेट जगत को सकते में डाल दिया है। पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, नवाज को डोप टेस्ट में फेल पाया गया है. जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। इस खबर ने न केवल PSL के मौजूदा सीजन पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि नवाज के अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी काले बादल मंडरा गए हैं।
क्यों फंसे मोहम्मद नवाज?

मीडिया रिपोर्ट्स और जियो सुपर की खबर के मुताबिक, मोहम्मद नवाज का एक ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया है। बताया जा रहा है कि यह टेस्ट आईसीसी (ICC) द्वारा लिया गया था, जिसकी जानकारी अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दी गई है।
यह मामला नवाज के लिए तब और गंभीर हो गया जब उनके इंग्लैंड के काउंटी क्लब सरे (Surrey) के साथ होने वाले करार पर रोक लग गई। नवाज को टी20 ब्लास्ट के लिए इंग्लैंड जाना था, लेकिन इस पॉजिटिव टेस्ट के बाद उनका यह विदेशी दौरा रद्द कर दिया गया है।
फिलहाल PCB इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट पर भी बुरा असर पड़ता दिख रहा है।
PSL में संकट से नवाज का काउंटी करार खत्म
मोहम्मद नवाज इस समय PSL में मुल्तान सुल्तांस की टीम का हिस्सा हैं और मैदान पर एक्टिव नजर आ रहे हैं। लेकिन इस खुलासे के बाद उनकी टीम और लीग की साख पर भी असर पड़ा है।
सबसे बड़ा झटका नवाज को तब लगा जब सरे काउंटी ने उनसे अपना हाथ पीछे खींच लिया। नवाज को पूरे टी20 ब्लास्ट सीजन के लिए सरे के साथ जुड़ना था और PCB ने उन्हें एनओसी (NOC) भी दे दी थी। लेकिन जैसे ही डोप टेस्ट की रिपोर्ट सामने आई, सरे ने अपना फैसला बदलते हुए करार को खत्म कर दिया।
PCB और ICC की अगली कार्रवाई क्या होगी?
नवाज पर लगे इन आरोपों के बाद अब सबकी नजरें PCB के अगले कदम पर हैं। बोर्ड के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि उन्हें आईसीसी से जानकारी मिली है और अनुशासन समिति इस पर काम कर रही है।
यदि नवाज पर लगे आरोप सही साबित होते हैं, तो उन पर लंबा प्रतिबंध लग सकता है। नवाज पाकिस्तान के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
ऐसे में PSL के दौरान आई इस खबर ने पाकिस्तानी प्रशंसकों को काफी निराश किया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर