CSK मैनेजमेंट का बड़ा फ़ैसला, इस बॉलर को बना रही टीम का नया असिस्टेंट कोच

Published - 27 Oct 2026, 11:43 AM | Updated - 27 Oct 2026, 12:27 PM

CSK 14

आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स पूरी तरह से नए कोचिंग स्टाफ के साथ नजर आने वाली है। इस टीम ने सबसे पहले स्टीफन फ्लेमिंग को विदाई दी और और जहीर खान को नया हेड कोच बनाया। अब CSK ने माइकल हसी समेत पांच अन्य सदस्यों को भी हटा दिया है। इससे साफ़ हो गया है कि चेन्नई की टीम जहीर की अगुआई में काफी हद तक नया कोचिंग स्टाफ लाएगी।

अभी तक CSK ने आधिकारिक तौर पर जहीर खान के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने वाले नए सदस्यों की जानकारी नहीं दी है लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में साफ़ हो गया है कि कौन से दिग्गज नजर आ सकते हैं। इस बीच फ्रेंचाइजी की तरफ से असिस्टेंट कोच के पद के लिए भी एक दिग्गज का नाम फाइनल किए जाने की रिपोर्ट सामने आ रही है।

इस गेंदबाज को CSK नियुक्त करने जा रही अपना असिस्टेंट कोच

CSK 15

चेन्नई सुपर किंग्स का मैनेजमेंट लगातार बड़े फैसले ले रहा है और अब एक ऐसे गेंदबाज को अपना सहायक कोच बनाने जा रही है, जिसने 2022 से 2024 तक लगातार तीन बार सरे क्लब की काउंटी चैंपियनशिप जीतने में मदद की। इस दिग्गज का नाम गारेथ बैटी है, जो इंग्लैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में जब CSK के कोचिंग स्टाफ में बैटी के शामिल होने की संभावना जताई गई तो दावा किया गया कि वह बल्लेबाजी कोच बनने जा रहे हैं लेकिन एक गेंदबाज का बैटिंग कोच बनना काफी हैरानी वाली बात मानी गई। इसके बाद, क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यह पूर्व खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स का सहायक कोच बनेगा।

गारेथ बैटी ने CSK से जुड़ने के लिए सरे से तोड़ा पांच साल पुराना नाता

49 वर्षीय गारेथ बैटी ने 2021 में सरे के साथ हेड कोच की भूमिका संभाली, ठीक उसी समय जब उन्होंने क्लब के लिए अपना खेल करियर खत्म किया था। लगातार तीन बार खिताब जीतने के अपने ऐतिहासिक कारनामे के बाद, वे 2025 में नॉटिंघमशायर के पीछे दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन इस सीजन का चैंपियनशिप अभियान उनके लिए काफी मुश्किल साबित हुआ।

सीज़न के आखिरी दौर में क्लब पर रेलीगेशन (निचले डिवीज़न में खिसकने) का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन आखिरकार वह सातवें स्थान पर रहा; साथ ही, टीम T20 ब्लास्ट या वन-डे कप में भी आगे के चरणों तक नहीं पहुंच पाई। हालांकि, इससे उनकी काबिलियत पर शक नहीं किया जा सकता है, क्योंकि लगातार तीन काउंटी चैंपियनशिप जीतना आसान काम नहीं है। अब देखना होगा कि CSK के लिए वे सहायक कोच के रूप में कितने सफल रहेंगे।

इंग्लैंड के लिए ऐसा रहा गारेथ बैटी का करियर

दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर गारेथ बैटी ने 2002 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया था और 2016 में अपना अंतिम इंटरनेशनल मैच खेला। इस दौरान वे तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 20 इंटरनेशनल मैचों में नजर आए, जिनमें 20 विकेट लिए।

बैटी को बीच के सालों में काफी समय तक इंग्लैंड की टीम से बाहर रहना पड़ा था और फिर 2016 में उन्हें अचानक से बांग्लादेश और भारत के दौरे पर मौका मिला, क्योंकि एशियाई कंडीशंस में स्पिनर्स की भूमिका अहम होती है। इन दो दौरों के बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया। वे घरेलू क्रिकेट में खेलते रहे और 2021 में संन्यास ले लिया।

यह भी पढ़ें: बुमराह और पंत पर आया बड़ा अपडेट, टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड दौरे पर इस मैच में लेंगे हिस्सा

Tagged:

England Cricket Team csk surrey Gareth Batty IPL 2027
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com