IND A vs NZ A: ध्रुव जुरैल के शानदार शतक से इंडिया A ने बनाए 346 रन, जवाब में न्यूजीलैंड की अच्छी शुरुआत
Table of Contents
IND A vs NZ A: इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में 31 अक्टूबर से शुरू हुआ। इस मैच के दूसरे दिन का खेल काफी हद तक न्यूजीलैंड टीम के नाम रहा, क्योंकि उसने भारतीय टीम को 350 के स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया और जवाबी पारी में भी स्टंप्स तक सिर्फ 3 विकेट ही खोए।
इस मैच के दूसरे दिन इंडिया ए ने अपनी पहली पारी में 102.4 ओवर बल्लेबाजी की और 346 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने स्टंप्स से पहले 62 ओवरों में 218/3 का स्कोर बनाया।
कप्तान ध्रुव जुरैल का बेहतरीन शतक

IND A vs NZ A दूसरे रेड बॉल मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 291 रन बनाए थे। यशस्वी जायसवाल खाता खोले बिना ही आउट हो गए थे लेकिन देवदत्त पडीक्कल ने 80 और साई सुदर्शन ने 41 रन बनाकर पारी को संभाला था। इसके बाद, कप्तान ध्रुव जुरैल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 रन नाबाद बनाए थे और दूसरे दिन उन्होंने अपनी सेंचुरी पूरी की।
आकाशदीप ने भी IND A vs NZ A मैच में बल्ले से दिखाया जलवा
जुरैल ने 171 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 105 रनों की पारी खेली। लोअर ऑर्डर में मानव सुथार ने 22 रन बनाए। इसके बाद, आकाशदीप का जलवा देखने को मिला, जिन्होंने 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। न्यूजीलैंड ए की तरफ से फ्रेज़र शीट ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके।
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, लगे तीन झटके
IND A vs NZ A दूसरे मैच में अपनी पहली पारी में न्यूजीलैंड ए की शुरुआत काफी खराब रही। पांचवें ओवर में ही कीवी कप्तान रीस मारियु पवेलियन लौट गए। उन्होंने 17 गेंदों में 4 रन बनाए। इसके बाद, 4 रन बनाकर दूसरे ओपनर कर्टिस कीफी भी चलते बने। टिम रॉबिंसन भी फ्लॉप साबित हुए और वह भी 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसी तरह न्यूजीलैंड ने 13 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए।
बोयले और फॉक्सक्रॉफ्ट ने कराई न्यूजीलैंड की वापसी
तीन झटकों के कारण न्यूजीलैंड की हालत खराब लग रही थी लेकिन मैथ्यू बोयले और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने मोर्चा संभाला। इन दोनों ने डटकर बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर ला दिया। बोयले ने पहले अर्धशतक पूरा किया और फिर शतक जड़ दिया। वह 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं, फॉक्सक्रॉफ्ट ने भी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 80 रन नाबाद बनाए। इंडिया ए की तरफ से मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: 10 साल बाद टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंचा साउथ अफ्रीका, जानें भारत समेत अन्य टीमों की रैंकिंग