टीम इंडिया से ड्रॉप हुए मोहम्मद शमी की गेंदबाजी ने मचाया तहलका, बंगाल टी20 लीग में हैट्रिक लेकर किया कमाल
Table of Contents
Mohammed Shami Hat-trick Bengal T20 League 2026: तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में लंबे समय से मौका नहीं मिला है। इस दिग्गज को आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए चुना गया था, जिसके फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया था। यही मुकाबला शमी के लिए आखिरी इंटरनेशनल फिक्सचर साबित हुआ और तब से अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें मौका नहीं दिया जा रहा है।
चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने पहले मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को फिटनेस के कारण बाहर रखा लेकिन जब उन्होंने घरेलू सीजन में खेलकर खुद को साबित किया, तो उन्हें सिर्फ टी20 खेलने के लिए उपलब्ध बताया गया। इसके बावजूद शमी को न तो टी20 में चुना जा रहा है और न ही किसी अन्य फॉर्मेट में।
बंगाल टी20 लीग में डेब्यू मैच में ही Mohammed Shami की हैट्रिक

ज्यादातर सीनियर खिलाड़ी इस तरह के व्यवहार से निराश होकर संन्यास ले लेते हैं लेकिन दाएं हाथ के अनुभवी पेसर (Mohammed Shami) ने हार नहीं मानी है और वे लगातार किसी न किसी टूर्नामेंट में खेलकर अच्छे प्रदर्शन से खुद को साबित कर रहे हैं। आईपीएल 2026 से फ्री होने के बाद, अब शमी ने बंगाल टी20 लीग का रूख किया है और उन्होंने डेब्यू मैच में ही हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी है।
बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन ने इसी साल अपने यहां टी20 लीग की शुरुआत की है। इसका उद्धघाटन सीजन 5 जून से शुरू हुआ और इसमें राज्य के कई टॉप क्रिकेटर खेल रहे हैं, जिनमें मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) का नाम भी शामिल है। शमी सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने डेब्यू मैच में ही कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जिसमें हैट्रिक भी शामिल है।
अपने स्पेल के तीसरे ओवर में मोहम्मद शमी ने ली हैट्रिक
बंगाल टी20 लीग में 6 जून को सीजन के तीसरे मैच में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स का सामना श्राची राढ़ टाइगर्स से हुआ। इस मैच में मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) की कातिलाना गेंदबाजी से सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने 209 रनों के टारगेट को डिफेंड करते हुए 24 रनों से जीत दर्ज की। श्राची राढ़ टाइगर्स की पारी के दौरान शमी ने अपने पहले दो ओवर में 14 ओवर रन दिए और ओपनर सुमन्ता गुप्ता को आउट किया।
इसके बाद, मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को पारी का 16वां और स्पेल का तीसरा ओवर डालने के लिए बुलाया गया। उस समय श्राची राढ़ टाइगर्स का स्कोर 154/5 था, शाहबाज अहमद 23 और राहुल प्रसाद 27 रन बनाकर क्रीज पर थे। जीत के लिए 5 ओवर में 55 रन बनाने थे, जो कि ज्यादा मुश्किल नहीं लग रहा था। लेकिन शमी के ओवर से बाजी ही पलट गई। उन्होंने अपनी पहली तीन गेंदों में सिर्फ एक रन दिया और चौथी गेंद पर शाहबाज को आउट किया। इसके बाद, अगली दो गेंदों पर रोहित कुमार और दीपांजन मुखर्जी को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की।
इस तरह मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अपने पहले तीन ओवर में ही 4 विकेट ले लिए। उन्हें अपने स्पेल के अंतिम ओवर में कोई विकेट नहीं मिला लेकिन उनके आंकड़े शानदार रहे। शमी ने चार ओवर में 4/27 के आंकड़े दर्ज किए।
टीम इंडिया में मोहम्मद शमी के कमबैक की उम्मीद लगभग खत्म
35 साल के मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) घरेलू क्रिकेट और आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में लगातार खेल रहे हैं लेकिन जिस तरह से चयन समिति का रूख नजर आ रहा है, उससे अब इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी की उम्मीद बेहद कम लग रही है। अब युवाओं को मौके मिल रहे हैं। हाल ही में टेस्ट टीम में गुरनूर बरार को मौका मिला। वहीं, वनडे टीम में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ अर्शदीप सिंह व प्रसिद्ध कृष्णा को मौके मिल रहे थे। अब प्रिंस यादव भी सेट-अप में आ गए हैं। जबकि टी20 टीम में कई युवा तेज गेंदबाज मौजूद हैं। इसी वजह से शमी के लिए अब वापसी की राह नामुमकिन ही लग रही है।