IND vs AFG: मोहम्मद सिराज और रहमत शाह के बीच हुई तीखी नोकझोंक, बीच मैदान आए बहसबाजी करते नजर, ऋषभ पंत ने कराया मामला शांत
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले के साथ ही वेन्यू का टेस्ट डेब्यू भी हो गया। हालांकि, भयंकर गर्मी में यहां पर टेस्ट मैच के आयोजन पर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं। स्टेडियम में गर्मी के कारण मैच को देखने के लिए पहले तीन दिन कम ही दर्शक आए। जहां फैंस अपने घर से टीवी पर मैच का मज़ा ले रहे हैं, वहीं खिलाड़ियों को कड़ी धूप में खेलना पड़ रहा है।
आईपीएल 2026 में दो महीने तक लगातार खेलने के बाद, भारतीय खिलाड़ी गर्मी में टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। इसी वजह से उनका प्रयास जल्द से जल्द IND vs AFG मैच खत्म करने का है लेकिन तीसरे दिन अफगानिस्तानी बल्लेबाज रहमत शाह अर्धशतक बनाकर कुछ खास आक्रामक रवैया नहीं दिखा रहे थे और यह देखकर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज उनके साथ उलझ गए। दोनों के बीच जुबानी जंग हुई और इस दौरान सिराज ने रहमत को बड़े शॉट खेलने के लिए उकसाने का भी प्रयास किया। इस पूरी घटना की काफी ज्यादा चर्चा हो रही है।
IND vs AFG टेस्ट के तीसरे दिन सिराज और रहमत शाह के बीच तीखी बहस

दरअसल, IND vs AFG टेस्ट में भारत की पहली पारी के स्कोर 564/8 के सामने अफगानिस्तान की आधी टीम दूसरे दिन ही आउट हो गई और तीसरे दिन की शुरुआत में ही छठा विकेट भी मिल गया था। लेकिन एक छोर से अफगानिस्तान की पारी को रहमत शाह संभाले हुए थे। वह काफी धैर्य के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने 100 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, अर्धशतक पूरा करने के बाद भी रहमत ने बल्लेबाजी में आक्रामकता नहीं दिखाई और ज्यादातर गेंदों को डिफेंसिव अप्रोच के साथ खेला। इसी से मोहम्मद सिराज हताश नजर आए और उन्होंने स्लेजिंग करना शुरू कर दिया।
रहमत से सिराज ने कहा कि अगर हो सके तो कुछ चौके-छक्के लगाने की कोशिश करो।" रहमत ने जवाब दिया कि तुम अपनी गेंदबाजी पर ध्यान दो; मैं अपने तरीके से बल्लेबाजी करूंगा।" सिराज ने उन्हें आक्रामक शॉट खेलने के लिए उकसाने का प्रयास किया लेकिन रहमत ने अपने ही अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। इसके बाद भी सिराज लगातार अपनी तरफ से अफगानिस्तानी बल्लेबाज को उकसाने का प्रयास करते रहे लेकिन बात नहीं बनी। फिर ऋषभ पंत ने बीच में आकर मामले को खत्म किया।
आप भी देखें वीडियो:
— crictalk (@crictalk7) June 8, 2026
रहमत शाह ने खेली 60 रनों की पारी, सिराज को नहीं मिला कोई विकेट
अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह एकमात्र उम्मीद थे और उन्होंने एक छोर संभाल रखा था। हालांकि, IND vs AFG टेस्ट में अपनी टीम की पहली पारी में अर्धशतक पूरा करने के बाद रहमत ज्यादा देर नहीं टिक पाए और 135 गेंदों में 60 रन बनाकर मानव सुथार की गेंद पर बोल्ड हो गए। रहमत की पारी की मदद से अफगानिस्तान किसी तरह 152 रन बनाने में कामयाब रहा, लेकिन फॉलोऑन नहीं टाल पाया।
वहीं, भारतीय गेंदबाजों में ज्यादातर को सफलता मिली, लेकिन मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव IND vs AFG टेस्ट मैच में अफगानिस्तान की पहली पारी के दौरान खाली हाथ रहे। सिराज ने 9 ओवर में दो मेडन डालकर 29 रन खर्च किए, लेकिन कोई सफलता नहीं हासिल कर पाए। वहीं, कुलदीप ने 10 ओवर में एक मेडन फेंककर 32 रन दिए।
IND vs AFG टेस्ट मैच में अफगानिस्तान की पहली पारी के दौरान मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 6 विकेट लेकर अपने डेब्यू को खास बना दिया। प्रसिद्ध कृष्णा को भी 3 विकेट मिले, जबकि वाशिंगटन सुंदर के खाते में एक विकेट आया।