इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की हार से बदले WTC Points Table के समीकरण, अब भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए जीतने होंगे इतने टेस्ट
Table of Contents
WTC Points Table After ENG Beat NZ In Lord's Test: आईपीएल 2026 के खत्म होते ही टेस्ट क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर है। एक तरफ इंग्लैंड अपने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त है। वहीं, टीम इंडिया मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेल रही है।
हालांकि, भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा मुकाबला डब्ल्यूटीसी का हिस्सा नहीं है। इसी वजह से जीत-हार से पॉइंट्स टेबल में कोई भी फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच जारी सीरीज का हर एक मैच हलचल पैदा करेगा, क्योंकि तीनों ही मुकाबले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत खेले जा रहे हैं।
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की बड़ी जीत, न्यूजीलैंड को आसानी से हराया

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 4 जून से हुई और पहला मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। बारिश से बाधित इस मैच में चौथे दिन ही मैच का नतीजा आ गया और इंग्लैंड ने 115 रनों से जीत हासिल की। पूरे मैच में गेंदबाजों का दबदबा रहा, क्योंकि पिच में असमान उछाल था और बल्लेबाज जूझते नजर आए। अगर बारिश न होती तो पूरी संभावना थी कि तीसरे ही दिन यह मुकाबला खत्म हो जाता है। खैर इस मुकाबले में इंग्लैंड की जीत और न्यूजीलैंड की हार से WTC Points Table में क्या फेरबदल हुआ है, चलिए आपको बताते हैं।
WTC Points Table में भारत के अंकों के करीब इंग्लैंड
न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड ने अपने गेंदबाजों के दम पर एक शानदार जीत दर्ज की। इसका फायदा उसे WTC Points Table में मिला है। सातवें स्थान पर मौजूद इंग्लैंड की पोजीशन में तो कोई बदलाव नहीं हुआ लेकिन 12 पॉइंट्स मिलने से कुल अंक 50 हो गए हैं। अब छठे स्थान पर काबिज भारत के 52 अंकों से इंग्लैंड सिर्फ 2 पॉइंट्स ही पीछे है। हालांकि, बेन स्टोक्स की अगुआई वाली टीम के अंकों का प्रतिशत 37.88 ही है, जो काफी खराब है। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत ने इंग्लैंड को WTC Final की रेस में बनाए रखा है।
न्यूजीलैंड को लगा झटका, WTC Points Table में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में मिली हार से न्यूजीलैंड को तगड़ा नुकसान हुआ है। अब WTC Points Table में न्यूजीलैंड की टीम दूसरे स्थान से खिसककर चौथे स्थान पर आ गई है। कीवी टीम के 4 मैचों में 28 अंक हैं और पॉइंट्स प्रतिशत 58.33 है।
WTC Points Table में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया है, जिसके खाते में 8 मैचों में 84 अंक हैं और पीसीटी 87.50 है। वहीं, दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका आ गया है। प्रोटियाज टीम ने अभी तक 4 मैचों में 36 अंक हासिल किए हैं और अंकों का प्रतिशत 75 है। तीसरे स्थान पर 2 मैचों में 16 अंक और 66.67 पीसीटी के साथ श्रीलंका मौजूद है। पांचवें स्थान पर बांग्लादेश है, जिसके 4 मैचों में 28 अंक हैं और पॉइंट्स प्रतिशत 58.33 है।
WTC Final में भारत के पहुंचने का समीकरण
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में भारत को कुल 18 टेस्ट खेलने थे, जिनमें से उसने 9 खेल लिए हैं। टीम इंडिया के खाते में 52 अंक हैं और पॉइंट्स प्रतिशत 48.15 है। अभी भारत को 9 टेस्ट और खेलने हैं। इस दौरान श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट, न्यूजीलैंड दौरे पर 2 टेस्ट और फिर अगले साल घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट खेलने हैं।
अगर टीम इंडिया शेष अपने सभी टेस्ट मैच जीत लेती है तो फिर WTC Points Table में उसके 160 अंक हो जाएंगे और अंकों का प्रतिशत 74.07 होगा, जो आसानी के साथ फाइनल का टिकट दिला देगा। हालांकि, यह बहुत ही मुश्किल समीकरण है। ऐसे में हम मानकर चलते हैं कि भारत अपने शेष 9 टेस्ट में से 7 में जीत दर्ज करने में सफल रहता है और 2 हार का सामना करता है। इस दशा में टीम इंडिया कुल 136 अंक हासिल कर लेगी और उसका पीसीटी 63 के करीब होगा।
आमतौर पर 60 से ऊपर अंक प्रतिशत फाइनल में जगह बनाने के लिए पर्याप्त होते हैं। ऐसे में भारत को कम से कम 7 जीत हासिल करनी होंगी और 2 से ज्यादा हार नहीं झेलनी होंगी। तभी आसानी के साथ उसे WTC Final में जगह मिलेगी।
Tagged:
indian cricket team WTC points Table Latest update New Zealand cricket team England Criceket Team