BCCI ने 10 साल बाद बढ़ाई अंपायर की सैलरी, अब हर मैच में उन्हें मिलेंगे इतने रुपये

Published - 21 Sep 2026, 10:18 AM | Updated - 21 Sep 2026, 11:27 AM

Umpires Fees

BCCI revised umpires fees: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड माना जाता है। बीसीसीआई की कमाई काफी ज्यादा है और इसका फायदा खिलाड़ियों को भी मिलता है। भारतीय खिलाड़ियों को मिलने वाली कॉन्ट्रैक्ट राशि और मैच फीस अन्य टीमों के प्लेयर्स को मिलने वाले अमाउंट से काफी ज्यादा है। इसी वजह से इंडियन प्लेयर्स की मोटी कमाई भी होती है।

करीब दो साल पहले BCCI ने रणजी ट्रॉफी के फीस स्ट्रक्चर में भी बदलाव किया था और खिलाड़ियों की मैच फीस में इजाफा देखने को मिला। अब बोर्ड ने भारतीय अंपायरों की भी किस्मत चमका दी है और करीब 10 साल बाद सैलरी (Umpires Fees) बढ़ाने का फैसला किया है।

भारतीय अंपायरों की सैलरी बढ़ाने का BCCI ने किया ऐलान

Umpires Fees

दरअसल, हाल ही में BCCI की सालाना मीटिंग हुई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। इसमें से एक निर्णय भारतीय अंपायरों (Umpires) की फीस बढ़ाने के संबंध में हुआ, जिसकी जानकारी खुद बोर्ड की तरफ से सचिव देवजीत सैकिया द्वारा दी गई। आखिरी बार 2017-18 में बदलाव देखने को मिला था। इसके बाद से अंपायरों के फीस स्ट्रक्चर में कोई बदलाव नहीं हुआ था लेकिन अब करीब 10 साल में पहली बार चेंज देखने को मिला है।

चार कैटेगरी में बंटेंगे Umpire, हर सीजन होगा प्रमोशन और डिमोशन

देवजीत सैकिया ने बताया कि अंपायरों (Umpires) को चार कैटेगरी - A, B, C और D में बांटा गया है। मेरिट के आधार पर इनकी नियुक्ति की जाएगी। वहीं, हर सीजन के बाद, 10 अंपायरों का प्रमोशन और 10 का डिमोशन होगा।

मीडिया से बात करते हुए, सैकिया ने कहा:

"हमने अंपायरों को चार कैटेगरी - A, B, C और D में बांटा है और फीस का स्ट्रक्चर भी बदला है। सभी अंपायरों की पोस्टिंग मेरिट के आधार पर होगी। अंपायर बोर्ड के तहत एक असेसिंग टीम है। अंपायरों को उनकी मेरिट के हिसाब से काम दिया जाएगा - चाहे वह नॉकआउट मैच हों या अहम मुकाबले।

"हर सीजन के बाद, अंपायरों के लिए डिमोशन और प्रमोशन का सिस्टम होगा। हर सीजन के आखिर में 10 अंपायरों को प्रमोट किया जाएगा और 10 को डिमोट किया जाएगा। इससे वे पूरे सीजन के दौरान बहुत सतर्क रहेंगे, और आखिर में इससे क्रिकेट के खेल को फायदा होगा, क्योंकि कुछ खिलाड़ियों का भविष्य अंपायरों के फैसलों पर निर्भर करता है। उन्हें बहुत काबिल और सतर्क रहना होगा।"

बदलाव के बाद, इस तरह होगा अंपायरों (Umpires) की फीस का स्ट्रक्चर

मई 2018 में हुई पिछली बढ़ोतरी के मुताबिक, अंपायरों (Umpires) को T20 के अलावा दूसरे मैचों के लिए हर दिन 40,000 रुपये मिलते थे। वहीं, T20 मैचों के लिए 20,000 रुपये मिलते थे। अब नए स्ट्रक्चर के तहत, अंपायरों को A, B, C और D ग्रेड के अनुसार क्रमशः 60,000 रुपये, 50,000 रुपये, 40,000 रुपये और 35,000 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा।

इस राशि का खुलासा BCCI ने नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है। इसी वजह से हमारी तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है। जब बोर्ड खुद ऐलान करेगा, तो आधिकारिक फीस की डिटेल्स सामने आ जाएंगी।

Tagged:

bcci Devajit Saikia Indian Umpires
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com