टीम इंडिया में नहीं मिल रहा था मौका, तो भारतीय पेसर ने थामा इंग्लैंड का दामन, अब वहीं से खेलेगा क्रिकेट

Published - 15 Sep 2026, 01:36 PM | Updated - 15 Sep 2026, 02:01 PM

Team India 61

टीम इंडिया (Team India) में राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में कई नए खिलाड़ियों को खूब मौके मिले। कुछ को तो तीनों ही फॉर्मेट में डेब्यू का मौका मिला और उन्हें लगातार खिलाया भी गया। हालांकि, जब से गौतम गंभीर ने हेड कोच का पद संभाला था, तब से कई खिलाड़ियों को नजरअंदाज होना पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा नाइंसाफी मोहम्मद शमी के साथ हो रही है, जो चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से किसी भी फॉर्मेट के लिए नहीं चुने गए हैं। हालांकि, सिर्फ शमी ही नहीं, घरेलू क्रिकेट में उनके जोड़ीदार मुकेश कुमार के साथ भी ऐसा ही व्यवहार हो रहा है। इस तेज गेंदबाज को दो साल से टीम इंडिया (Team India) में मौका नहीं मिला है। इसी वजह से अब उन्होंने इंग्लैंड में जाकर खेलने का फैसला किया है।

Team India से बाहर चल रहे पेसर का इंग्लैंड में दिखेगा जलवा

Team India 62

भारतीय टीम (Team India) से बाहर चल रहे कई अन्य खिलाड़ियों की तरह ही मुकेश कुमार ने इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में खेलने का फैसला है। वे नॉटिंघमशायर की तरफ से काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम दो मुकाबलों में खेलेंगे। नॉटिंघम की टीम डिवीजन 1 का हिस्सा है और उसे अपने आखिरी दो मैच ससेक्स और यॉर्कशायर के खिलाफ खेलने हैं। इन दोनों ही मुकाबलों के लिए मुकेश ने नॉटिंघम के साथ करार किया है।

अंतिम दो काउंटी मैचों के लिए नॉटिंघमशायर से जुड़ेंगे मुकेश कुमार

नॉटिंघमशायर को 15 से 18 सितंबर तक ससेक्स के खिलाफ होव में खेलना है। इसके बाद, 24 से 27 सितंबर तक नॉटिंघम में यॉर्कशायर से टक्कर लेगी। टीम के हेड कोच पीटर मूर्स ने मुकेश कुमार को साइन करने को लेकर कहा,

"सीजन के इस अहम समय में मुकेश का हमारी टीम में आना हमारे लिए बहुत उत्साह की बात है। वह हाल ही में दिलीप ट्रॉफी फाइनल के एक बहुत ही कड़े मुकाबले से आ रहे हैं, जिसमें ईस्ट जोन को जीत दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

"एक बॉलर के तौर पर मुकेश की काबिलियत पर कोई शक नहीं है, खासकर यह जानते हुए कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए कितना कड़ा मुकाबला होता है। क्लब के लिए दो बड़े मैचों से पहले ऐसा खिलाड़ी मिलना बहुत अच्छी बात है जो मैच के लिए पूरी तरह तैयार हो और जबरदस्त कॉम्पिटिटिव फॉर्म में हो।"

नॉटिंघमशायर की कामयाबी में योगदान देने को उत्साहित

मुकेश कुमार ने काउंटी चैंपियनशिप और नॉटिंघमशायर के लिए खेलने को लेकर एक बयान में कहा,

"मैं इंग्लैंड पहुंचने और काउंटी क्रिकेट में खुद को आज़माने के लिए बहुत उत्साहित हूं। जब तक मैं यहां हूं, नॉटिंघमशायर को सफल बनाने में जितना हो सके योगदान देना चाहता हूं, कोचों और अपनी नई टीम के साथियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। इंग्लैंड आना हमेशा एक अच्छी चुनौती होती है और मैं नई परिस्थितियों में एक नई टीम के लिए खेलने के मौके को लेकर उत्साहित हूं।"

मुकेश कुमार ने इंटरनेशनल क्रिकेट में खेले हैं 26 मैच

घरेलू क्रिकेट में अच्छा करने वाले मुकेश कुमार को 2023 में टीम इंडिया (Team India) में मौका मिला था। उन्होंने एक ही महीने के अंदर तीनों ही फॉर्मेट में डेब्यू कर लिया था। वे 2024 की शुरुआत तक इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर आए लेकिन फिर उन्हें ड्रॉप कर दिया गया। मुकेश ने भारतीय टीम के लिए सभी प्रारूपों को मिलाकर 26 मैच खेले और 32 विकेट अपने नाम किए।

यह भी पढ़ें: स्टीव स्मिथ ने संन्यास पर लिया बड़ा फैसला, इस सीरीज के बाद कह देंगे क्रिकेट को अलविदा

Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com