MI के खिलाफ 266 रन चेज कर गई स्टीव स्मिथ की टीम, सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करने का बनाया रिकॉर्ड
Table of Contents
MI New York vs Washington Freedom, Eliminator 1: MLC 2026 अपने अंतिम चरण पर है, क्योंकि प्लेऑफ राउंड की शुरुआत हो चुकी है। सीजन का पहला एलिमिनेटर जबरदस्त रहा, जिसमें दोनों टीमों ने मिलकर 500 से भी ज्यादा रन बनाए और पहली बार किसी टी20 में तीन शतक भी देखने को मिले।
इसके अलावा स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली वाशिंगटन फ्रीडम ने T20 में सबसे बड़े टारगेट को हासिल करने का रिकॉर्ड भी बना दिया। चलिए आपको बताते हैं कि ओकलैंड में खेले आगे MI न्यूयॉर्क और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच एलिमिनेटर 1 का पूरा हाल क्या रहा।
MI न्यूयॉर्क ने कप्तान पूरन के शतक की बदौलत बनाए 266 रन

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी MI न्यूयॉर्क की शुरुआत खास नहीं रही और ओपनर मोनांक पटेल 2 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से कप्तान निकोलस पूरन और दूसरे ओपनर क्विंटन डी कॉक ने मोर्चा संभाला। इन दोनों के बीच 118 रनों की साझेदारी हुई। डी कॉक ने आउट होने से पहले 24 गेंदों में 51 रन बनाए।
हालांकि, उनके साथ बल्लेबाजी करने वाले कप्तान निकोलस पूरन ज्यादा आक्रामक अंदाज में खेलते हुए दिखाई दिए। पूरन ने सिर्फ 31 गेंदों में शतक जड़ दिया, जो इस लीग के इतिहास में सबसे तेज है। उन्होंने 5 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 106 रनों की पारी खेली। कीरोन पोलार्ड ने भी 25 गेंदों में 64 रन बनाए। इस तरह एमआई न्यूयॉर्क 20 ओवर में 266/9 का स्कोर बनाने में सफल रही।
स्मिथ-गॉस के शतक, वाशिंगटन फ्रीडम की MI न्यूयॉर्क के खिलाफ जबरदस्त जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए वाशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत खराब रही। मिचेल ओवेन और रचिन रवींद्र सस्ते में आउट हो गए। ओवेन ने 1 और रवींद्र ने 6 रन बनाए। इसके बाद, कप्तान स्टीव स्मिथ और एंड्रीज़ गौस ने पलटवार किया। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए डटकर बल्लेबाजी की और 241 रनों की बड़ी साझेदारी करते हुए अपनी टीम की जीत पक्की कर दी।
गॉस 51 गेंदों में 132 रन बनाकर आउट हुए लेकिन स्मिथ ने नाबाद रहकर 48 गेंदों में 110 रनों की नाबाद पारी खेली। इस तरह वाशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में 270/4 का स्कोर बनाकर एक यादगार जीत दर्ज की।
मेंस T20 क्रिकेट में सबसे बड़े रन चेज का बनाया रिकॉर्ड
अभी तक पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे बड़े रन चेस का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम था, जिसने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 का टारगेट 4 विकेट खोकर हासिल किया था। अब एमआई न्यूयॉर्क के खिलाफ 267 का लक्ष्य हासिल कर वाशिंगटन फ्रीडम ने पंजाब की टीम को पछाड़ दिया है।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप 2027 में एक बार नहीं 3-3 बार होगा इंडिया-पाकिस्तान का मुकाबला, जानें पूरा समीकरण