टीम इंडिया में हुई स्पीड किंग की एंट्री, 150 KMPH की स्पीड से उड़ाता है बल्लेबाजों के होश
Table of Contents
Team India: एक तरह टीम इंडिया घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने में व्यस्त है, जिसकी शुरुआत 13 जून से हुई। दूसरी तरफ, इंडिया ए श्रीलंका में है और वहां वनडे ट्राई-सीरीज खेल रही है। इस त्रिकोणीय सीरीज की शुरुआत 9 जून से हुई थी और अभी तक भारतीय टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए ने 3 मैच खेले, जिनमें से उसे 2 में हार का सामना करना पड़ा है। सोमवार को श्रीलंका ए के हाथों सुपर ओवर में हार झेलनी पड़ी।
इस ट्राई सीरीज के लिए इंडिया के ए स्क्वाड में ज्यादातर युवा खिलाड़ी ही शामिल हैं, जिनमें से कुछ टीम इंडिया (Team India) के लिए भी खेल चुके हैं। बल्लेबाजी में कई बड़े नाम शामिल हैं, लेकिन गेंदबाजी काफी साधारण नजर आ रही है। अंशुल कंबोज के अलावा किसी भी गेंदबाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है और श्रीलंकाई कंडीशन में जूझते नजर आ रहे हैं।
इस बीच श्रीलंका ए के खिलाफ मैच के बाद इंडिया ए के स्क्वाड में अहम बदलाव की जानकारी सामने आई है, जो एक पेसर के इंजर्ड होकर बाहर होने और उसकी जगह दूसरे को रिप्लेसमेंट के रूप में मौका मिलने को लेकर है।
वनडे ट्राई-सीरीज के बीच Team India A को चोट की वजह से लगा झटका
दरअसल, श्रीलंका में हो वनडे ट्राई-सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने टीम इंडिया (Team India) का जो ए स्क्वाड चुना था, उसमें जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज युधवीर सिंह को भी मौका दिया था। युधवीर पहले भी इंडिया ए के स्क्वाड का हिस्सा रह चुके हैं और उन्हें काफी अच्छा गेंदबाज माना जाता है। हालांकि, मौजूदा ट्राई-सीरीज में उन्हें कप्तान तिलक वर्मा ने एक भी मैच में नहीं खिलाया और अब उनके चोटिल होकर बाहर होने की खबर सामने आई है।
युधवीर सिंह को चोट की वजह से होना पड़ा बाहर
28 वर्षीय तेज गेंदबाज को किस तरह की इंजरी हुई है, इसकी जानकारी अभी तक पूरी तरह से सामने नहीं है, क्योंकि BCCI की तरफ से आधिकारिक ऐलान होना बाकी है लेकिन टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में साफ़ कर दिया है कि दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज चोट के कारण ट्राई-सीरीज से बाहर हो गया है। इसी वजह से टीम इंडिया के ए स्क्वाड में ऐसे गेंदबाज की एंट्री हुई है, जो अपनी रफ़्तार से किसी भी बल्लेबाज को चकमा दे सकता है।
रिप्लेसमेंट के रूप में गुजरात टाइटंस के स्पीडस्टार को मिला मौका

टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में युधवीर सिंह के बाहर होने के कारण टीम इंडिया ए में रिप्लेसमेंट के रूप में मौका पाने वाले तेज गेंदबाज का नाम भी बताया है। रिपोर्ट में युधवीर के रिप्लेसमेंट के रूप में तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का नाम बताया जा रहा है, जिन्होंने हाल ही में अपनी घरेलू टीम राजस्थान को छोड़कर गुजरात का दामन थामा है। अशोक ने आईपीएल 2026 में भी गुजरात टाइटंस के लिए खेला था और काफी प्रभावित किया था।
150 kmph की रफ़्तार से गेंदबाजी के साथ स्लोवर डालने में भी माहिर
अशोक शर्मा की सबसे बड़ी खूबी तेज रफ़्तार से गेंदबाजी है। हालिया आईपीएल सीजन में दाएं हाथ के इस पेसर ने 6 मैचों में इतने ही विकेट झटके थे लेकिन उनसे कप्तान शुभमन गिल काफी इम्प्रेस हुए थे। गिल के प्रभावित होने का कारण अशोक की 150 kmph की रफ़्तार से गेंदबाजी करने और उसी एक्शन के साथ 115 kmph की धीमी गेंद फेंककर बल्लेबाज़ को चकमा देने की काबिलियत थी। अशोक के मंगलवार को कोलंबो के लिए उड़ान भरने की जानकारी है। इसके बाद, वो दाम्बुला में जाकर टीम इंडिया ए को ज्वाइन करेंगे।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान के बाद श्रीलंका A से भी हारी टीम इंडिया, सुपर ओवर से हुआ विजेता का फैसला, वैभव-रुतुराज रहे फ्लॉप