लॉर्ड्स में मिली हार के बाद शुभमन गिल का फूटा गुस्सा, खिलाड़ियों की फिटनेस पर दे डाला बड़ा बयान
Table of Contents
Shubman Gill calls for fitness overhaul: इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला गया, जिसमें जमकर रनों की बारिश हुई और करीब 750 रन बने लेकिन इंग्लैंड को 27 रनों से जीत मिली और सीरीज भी उसके नाम हो गई।
तीसरे मैच में मिली हार और सीरीज हाथ से जाने के बाद, भारतीय कप्तान शुभमन गिल नाराज नजर आए। गिल की नाराजगी खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर है, क्योंकि पिछले कुछ समय से कई अहम खिलाड़ी लगातार इंजरी की वजह से मुकाबले मिस करते आए हैं। वनडे सीरीज के दौरान वाशिंगटन सुंदर बाहर हुए और फिर तीसरे मैच में जसप्रीत बुमराह इंजरी के कारण नहीं खेल पाए। इससे पहले हर्षित राणा सीरीज की शुरुआत से पहले बाहर हो गए थे।
Shubman Gill ने की फिटनेस के स्तर में सुधार की मांग

वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए शुभमन गिल (Shubman Gill) ने जोर दिया कि फिटनेस सुधारने पर ध्यान देना होगा, क्योंकि खिलाड़ियों की इंजरी के कारण अलग-अलग कॉम्बिनेशन खिलाने पड़ते हैं और इससे मोमेंटम नहीं बन पाता है। मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान ने कहा,
"अगर हम वर्ल्ड कप को अपना लक्ष्य मानें, जहां हमें लगातार 11 मैच खेलने होंगे, तो हमारे खिलाड़ी 2-3 मैचों की सीरीज भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं। यानी कुछ सीमाएं हैं जिनकी वजह से हमारे खिलाड़ी लगातार नहीं खेल पाते; वे 1-2 मैच खेलते हैं, फिर उन्हें कोई छोटी-मोटी चोट लग जाती है और हमें मजबूरन अलग कॉम्बिनेशन के साथ खेलना पड़ता है। इसलिए, एक ग्रुप के तौर पर हमें अपनी फ़िटनेस और इन सभी चीजों में सुधार करने की जरूरत है।"
लॉर्ड्स में एक स्पिनर खिलाने का बताया कारण
भारत ने तीसरे वनडे में स्पिन विकल्प में सिर्फ अक्षर पटेल को रखा। वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होकर बाहर होने के कारण माना जा रहा था कि हर्ष दुबे या फिर कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस फैसले से कई जानकार नाराज दिखे लेकिन शुभमन गिल (Shubman Gill) ने अहम कारण बताया। उन्होंने कहा,
"जब भी स्पिनर बॉलिंग करने आते थे, तो हमें लगता था कि हमें थोड़ा डिफेंसिव होना पड़ेगा। जब तेज गेंदबाज गेंदबाजी कर रहे होते थे, तो लगता था कि कुछ हो रहा है। इसी सोच के कारण हमने एक अतिरिक्त स्पिनर के बजाय तेज गेंदबाज को खिलाने का फैसला किया, क्योंकि मिडिल ओवरों में आप दबाव बनाना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि क्या कोई मौका बनता है।"
शुभमन गिल की कप्तानी में तीसरी वनडे सीरीज हार
पिछले साल रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल (Shubman Gill) को वनडे कप्तान बनाया गया था लेकिन अभी तक उनकी अगुआई में टीम का प्रदर्शन काफी साधारण रहा है। गिल ने अभी तक चार सीरीज में भारत की कमान संभाली है और तीन में हार का सामना करना पड़ा है।
उनकी (Shubman Gill) एकमात्र सीरीज जीत अफगानिस्तान के खिलाफ जून में आई थी। पिछले ऑस्ट्रेलिया, इस साल न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के हाथों गिल की कप्तानी में भारत ने वनडे सीरीज गंवाई हैं।
यह भी पढ़ें: जिस मैच को बताया जा रहा था रोहित शर्मा का आखिरी, उसी में शतक ठोक ‘हिटमैन’ ने रचा इतिहास