‘साफ-साफ बता दो...’ रोहित-कोहली के भविष्य पर युवराज सिंह ने तोड़ी चुप्पी, BCCI से मांगी जवाबदेही
Table of Contents
Yuvraj Singh on Rohit-Virat's future: वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया का कॉम्बिनेशन अभी तक फाइनल नहीं हुआ है। सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर अभी भी अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। सबसे ज्यादा सवाल रोहित को लेकर हो रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यहां तक कह दिया है कि अब शायद रोहित को टीम इंडिया की जर्सी में खेलते देखने का मौका न मिले, क्योंकि इंग्लैंड वनडे सीरीज उनकी अंतिम थी।
लॉर्ड्स में खेले गए वनडे में टीम इंडिया को हार मिली लेकिन रोहित शर्मा ने शानदार शतक लगाते हुए 138 रनों की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली ने लगातार दूसरा फिफ्टी प्लस का स्कोर बनाते हुए 74 रनों की पारी खेली। इन दोनों के फ्यूचर पर अब युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने बड़ा बयान दिया है और BCCI से जवाबदेही की मांग करते हुए कहा है कि अभी से साफ़ कर देना चाहिए कि आगे को लेकर प्लानिंग क्या है।
Yuvraj Singh ने रोहित-विराट को लेकर BCCI और टीम मैनेजमेंट से की जवाबदेही की मांग

युवराज सिंह (Yuvraj Singh) का मानना है कि जिस तरह से रोहित शर्मा और विराट कोहली की स्थिति है, वो भी उस दौर से गुजर चुके हैं। इसी वजह से उन्हें पता है कि ऐसे में खिलाड़ी के मन में क्या चल रहा होता है। युवराज को लगता है कि अगर रोहित-विराट आपकी योजनाओं का हिस्सा हैं तो उन्हें अभी से बता दो, ताकि वो आगे बिना दबाव के खेल सकें। मैनेजमेंट को सीनियर खिलाड़ियों को स्पष्टता देना बहुत जरूरी है।
वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर रोहित-विराट को मिलनी चाहिए स्पष्टता
जियो स्टार से बातचीत करते हुए युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर कहा,
"अगर रोहित और विराट वर्ल्ड कप के लिए आपकी योजनाओं का हिस्सा हैं, तो उन्हें अभी बता दें और पक्का कर लें। उम्र और फॉर्म को लेकर बाहर से बातें तो होती रहेंगी, लेकिन मैनेजमेंट को अपने सीनियर खिलाड़ियों के मामले में साफ सोच रखनी चाहिए और अगर कोई आपकी योजनाओं में नहीं है, तो उनसे ईमानदारी से बात करें।"
टीम इंडिया के दिग्गज युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने आगे कहा,
"यह एक मुश्किल फ़ैसला होगा, बाहर से शायद यह बुरा लगे, लेकिन वे इस बात की तारीफ़ करेंगे कि आपने उनसे साफ़-साफ़ बात की। विराट और रोहित ने भारत के लिए जो किया है, वह बेमिसाल है; उन्होंने जितने शतक लगाए हैं, जितने मैच जिताए हैं और खिलाड़ी व कप्तान के तौर पर उनका जो योगदान रहा है, वह अविश्वसनीय है, लेकिन आपको अपने सीनियर खिलाड़ियों के मामले में साफ़ सोच रखनी होगी।"
इंग्लैंड वनडे सीरीज में ऐसा रहा रोहित-विराट का प्रदर्शन
भारत की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तान शुभमन गिल (184) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं, रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रमशः दूसरे-तीसरे स्थान पर रहे। सीरीज में रोहित ने एक शतक की मदद से तीन पारियों में 175 रन बनाए। वहीं, विराट ने दो अर्धशतक बनाकर 144 रन स्कोर किए।
यह भी पढ़ें: ईशान या वैभव? जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में कौन करेगा अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग, जानिए किसका पलड़ा भारी