जिस मैच को बताया जा रहा था रोहित शर्मा का आखिरी, उसी में शतक ठोक ‘हिटमैन’ ने रचा इतिहास
Table of Contents
Rohit Sharma's historical century: इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले गए वनडे मुकाबले को काफी अहम माना जा रहा था। इसकी बड़ी वजह सीरीज के दांव पर लगे होने से ज्यादा रोहित शर्मा का अंतिम मैच होने की संभावना थी।
इस मुकाबले से पहले इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया था कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा वनडे रोहित के इंटरनेशनल करियर का अंतिम मैच हो सकता है, क्योंकि चयनकर्ता उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं में शामिल नहीं करेंगे। इसी वजह से कयास लग रहे थे कि मैच के बाद रोहित शर्मा (Rohit Sharma) संन्यास का ऐलान कर देंगे क्या लेकिन उन्होंने अपने बल्ले से शानदार पारी खेलते हुए एक बड़े कारनामे को अंजाम दे दिया।
Rohit Sharma का तीसरे वनडे में शानदार शतक

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा वनडे रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की वजह से काफी ज्यादा चर्चित रहा। इस मुकाबले को देखने के लिए कई बड़ी हस्तियां मैदान पर नजर आईं। रोहित की पत्नी रितिका सजदेह भी मौजूद रहीं। रोहित ने अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया और शतक जड़कर दिखाया कि अभी भी उनके अंदर काफी दमखम बाकी है। यह उनके वनडे करियर का 34वां शतक रहा।
लॉर्ड्स में रोहित शर्मा का शतक भारत के लिए बना ऐतिहासिक
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपने करियर के लिए करो या मरो वाला मैच माने जा रहे मुकाबले में बेहतरीन शतक जड़कर एक बहुत बड़ा कारनामा भी किया, जो अभी तक कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया था। दरअसल, रोहित लॉर्ड्स के मैदान पर भारत की तरफ से वनडे में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले कोई भी भारतीय बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया था।
इस मैदान पर रोहित शर्मा से पहले भारत के लिए वनडे में सौरव गांगुली के बल्ले से 90 रनों की पारी आई थी। ऐसे में रोहित ने शतक लगाकर सालों से चले आ रहे सूखे को खत्म किया।
रोहित शर्मा ने खेली 138 रनों की पारी
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने शुरुआत में समय लिया और ज्यादा जल्दबाजी नहीं की। इसी वजह से उन्होंने अर्धशतक पूरा करने के लिए 50 गेंदों का सहारा लिया लेकिन इसके बाद आक्रामक अंदाज दिखाया और फिर सिर्फ 34 गेंदों में अगले 50 रन पूरे कर 84 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने आउट होने से पहले 110 गेंदों में 138 रनों की पारी खेली। इस दौरान 125.45 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी और 17 चौके व पांच छक्के भी लगाए।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबरों के बीच शुभमन गिल का बड़ा बयान, बताया कब खेलेंगे अपना आखिरी मैच