ऋषभ पंत ने गॉल टेस्ट में रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने भारत के पहले बल्लेबाज
Table of Contents
Rishabh Pant's historical feat: गॉल में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के चौथे दिन भारत की दूसरी पारी में ज्यादातर प्रमुख बल्लेबाज फ्लॉप रहे लेकिन विकेटकीपर ऋषभ पंत का बल्ले के साथ कमाल देखने को मिला। पंत ने 69 गेंदों में 66 रन की पारी खेली। इस दौरान आठ चौके और दो छक्के भी जड़े।
अपनी पारी के दौरान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने एक बड़ा कारनामा भी कर दिया, जो अभी तक भारत के लिए किसी भी बल्लेबाज ने नहीं किया था। इसी वजह से पंत की खूब वाहवाही भी हो रही है। तो चलिए आपको बताते हैं कि पंत ने क्या किया है।
Rishabh Pant ने गॉल में रचा इतिहास

दरअसल, ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने जैसे ही 37वें ओवर की चौथी गेंद पर अपनी पारी का दूसरा छक्का लगाया, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे कर लिए। गॉल टेस्ट से पहले पंत के नाम 97 छक्के थे। उन्होंने पहली पारी में एक और दूसरी पारी में दो छक्के लगाकर छक्कों का शतक पूरा किया। पंत ने इस कारनामे को अपने टेस्ट करियर के 51वें मैच में अंजाम दिया।
छक्कों का शतक पूरा करने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज
पिछले साल ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने वीरेंद्र सहवाग (90 छक्के) को पीछे छोड़ते हुए टीम इंडिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। अब गॉल में उन्होंने 100 छक्के पूरे करते ही इतिहास रच दिया। ऋषभ से पहले भारत के लिए टेस्ट में कोई भी ऐसा नहीं कर पाया था। इसी वजह से यह उपलब्धि और भी खास मानी जा रही है।
टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने पंत
ऋषभ पंत (Rishabh Pant) उन चुनिंदा बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। पंत से पहले यह कारनामा सिर्फ तीन बल्लेबाज कर सके थे। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स 138 छक्कों के साथ इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर ब्रेंडन मैकुलम के नाम 107 छक्के हैं। अब पंत और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के नाम टेस्ट क्रिकेट में 100-100 छक्के हो गए हैं।
ये तीनों ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि पंत अभी सक्रिय रूप से खेल रहे हैं। ऐसे में उनके पास आने वाले समय में स्टोक्स और मैकुलम को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला बल्लेबाज बनने का मौका रहेगा।
सबसे तेज 100 टेस्ट छक्के लगाने के मामले में स्टोक्स और गिलक्रिस्ट को पछाड़ा
ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभी तक मैचों के आधार पर इस रिकॉर्ड को बेन स्टोक्स ने अपने नाम कर रखा था। स्टोक्स ने अपने करियर के 82वें टेस्ट में ऐसा किया था, जबकि पंत ने 51वें मैच में ही उन्हें पीछे छोड़ दिया।
वहीं, टेस्ट में 100 छक्कों के लिए सबसे कम गेंदें खेलने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी ऋषभ पंत ने अपना दबदबा दिखाते हुए एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गिलक्रिस्ट ने 6578 गेंदों का सामना किया था। जबकि पंत ने 4918 गेंदों में ही इतिहास रच दिया।
यह भी पढ़ें: खत्म होने के कगार पर इस भारतीय खिलाड़ी का टेस्ट करियर, बार-बार मौका मिलने पर भी हो रहा फ्लॉप