विराट कोहली के जन्मदिन पर जानिए उनके करियर के 10 सबसे बड़े किस्से
Table of Contents
वनडे क्रिकेट के बेताज बादशाह माने जाने वाले विराट कोहली (Virat Kohli) का आज 38वां जन्मदिन है। 5 नवंबर को 1988 को दिल्ली में विराट ने जन्म लिया था, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह बच्चा आगे चलकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाकर करोड़ों दिलों पर राज करेगा।
विराट कोहली (Virat Kohli) जब शुरुआत में आए थे, तो काफी आक्रामक स्वभाव वाले थे लेकिन अब उनमें काफी बदलाव आ गया है। कोहली का करियर काफी उतार-चढ़ाव से गुजरा है और यहां तक का सफर आसान नहीं रहा है। उनके जन्मदिन के मौके पर हम उनके करियर के 10 सबसे बड़े किस्सों का जिक्र इस लेख में करने जा रहे हैं।
Virat Kohli के क्रिकेट करियर के ये हैं 10 बड़े किस्से
1. पिता के निधन के बावजूद अगले दिन मैच जिताने वाली पारी
विराट कोहली (Virat Kohli) के पिता का निधन 19 दिसंबर 2006 को हुआ था। इस दुखद खबर के बावजूद विराट ने अगले दिन रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए 90 रनों की पारी खेली और टीम को फॉलो-ऑन से बचाया। इससे शुरुआती समय में ही संकेत मिल गए कि विराट मानसिक रूप से कितने मजबूत हैं।
2. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2008 में अपनी कप्तानी का लोहा मनवाना
भारत ने साल 2008 में विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप का टाइटल अपने नाम किया था। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को DLS के तहत 12 रन से हराया था। इसी टूर्नामेंट से कोहली ने अपनी लीडरशिप स्किल का परिचय दे दिया था और आगे उन्हें भारत की सीनियर टीम की कमान संभालने का मौका भी मिला।
3. सचिन को कंधे पर उठाकर वर्ल्ड कप से विदाई देना

2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर 1983 के बाद पहली बार ODI का सबसे बड़ा टूर्नामेंट जीता था। इसमें सचिन तेंदुलकर भी शामिल थे, जिन्होंने पहली बार वर्ल्ड कप जीतने का स्वाद चखा था। टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही तय था कि यह तेंदुलकर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा। इसी वजह से जब भारत चैंपियन बना तो विराट कोहली ने अन्य साथी खिलाड़ियों के साथ मिलकर सचिन को कंधे पर उठाकर विदाई दी थी।
4. होबार्ट में चेस मास्टर की जर्नी की शुरुआत
2012 में भारत, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच कॉमनवेल्थ सीरीज खेली गई थी। इस ट्राई-सीरीज के 11वें मैच में विराट कोहली (Virat Kohli) का तूफानी अवतार देखने को मिला था और यहीं से चेस मास्टर की जर्नी शुरू हुई थी। कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 321 के रन चेज में महज 86 गेंदों पर नाबाद 133 रन बनाए थे और इस दौरान लसिथ मलिंगा के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी यादगार रही।
5. पाकिस्तान के खिलाफ 183 रनों की यादगार पारी
2012 में एशिया कप का आयोजन बांग्लादेश में हुआ था। इसके पांचवें मैच में भारत की टक्कर पाकिस्तान से हुई, जिसमें 330 का लक्ष्य टीम इंडिया को हासिल करना था। विराट कोहली (Virat Kohli) ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 148 गेंदों में 183 रनों की पारी खेलकर 47.5 ओवर में ही भारत को जीत दिला दी। यह कोहली का वनडे में अब तक बेस्ट स्कोर है।
6. टेस्ट कप्तानी डेब्यू पर दोनों पारियों में शतक
विराट कोहली (Virat Kohli) को फुल-टाइम टेस्ट कप्तानी 2014-15 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली थी। इस सीरीज के तीसरे मैच के बाद एमएस धोनी रिटायर हो गए थे और इसी वजह से चौथे टेस्ट से पहले कोहली को कप्तान बना दिया गया। एडिलेड के मैदान पर कोहली ने दोनों पारियों में शतक (115 और 141) जड़कर इस मैच को यादगार बना दिया था। खासतौर पर भारत की दूसरी पारी के दौरान उनकी बल्लेबाजी देखने लायक थी।
7. 2014 के फ्लॉप इंग्लैंड दौरे के बाद जोरदार वापसी
भारत ने 2014 में इंग्लैंड का दौरा किया था और चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी। इसमें टीम इंडिया को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था और दौरे पर सबसे ज्यादा विराट कोहली की फ्लॉप बल्लेबाजी चर्चा का विषय रही थी। यह युवा बल्लेबाज 10 पारियों में महज 13.40 के औसत से 134 रन ही बना पाया था। इसके बाद कोहली ने काफी मेहनत की और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चार शतकों की मदद से 692 रन बनाकर धमाकेदार वापसी की।
8. IPL 2016 में 937 रन का रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 2016 के आईपीएल में अपने बल्ले से जमकर कहर बरपाया था। इस खिलाड़ी ने 16 मैचों में 4 शतक बनाकर 973 रन बनाए, जो अभी भी एक सीजन में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है। कोहली के इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत RCB ने फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन SRH के हाथों हार गई थी।
9. ऑस्ट्रेलिया में भारत को पहली टेस्ट सीरीज जीत दिलाई
भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने का सपना 2018-19 के दौरे पर खत्म हुआ। विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी में टीम इंडिया ने कंगारुओं को चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया और 72 साल से सीरीज न जीत पाने के सूखे को खत्म किया।
10. सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद उनके सामने नतमस्तक होना
वर्ल्ड कप 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में विराट कोहली (Virat Kohli) ने 50वां वनडे शतक बनाया और इस फॉर्मेट में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा सेंचुरी के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। इस मैच को देखने के लिए सचिन भी मैदान में मौजूद थे और कोहली ने उनका रिकॉर्ड तोड़कर पहले सेंचुरी सेलिब्रेट की और फिर उनके सामने सम्मान में अपना सिर भी झुकाया।
यह भी पढ़ें: चेन्नई सुपर किंग्स के रिलीज और रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट, जानें किसकी होगी छुट्टी, कौन रहेगा टीम के साथ