IND vs ENG: जो रूट ने किया स्वीकार, टेस्ट सीरीज ड्रॉ करना होगी बड़ी उपलब्धि

Published - 03 Mar 2021, 10:13 AM

जो रूट

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही चार मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला 4 मार्च से शुरु होने वाला है। सीरीज में भारतीय टीम के पास 2-1 की अजेय बढ़त है। अब आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड की टीम सीरीज को ड्रॉ करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। चौथे टेस्ट मैच से पहले जो रूट ने इस बात को स्वीकार किया है कि भारतीय टीम के साथ सीरीज ड्रॉ करना एक बड़ी उपलब्धि होगी।

सीरीज ड्रॉ करना होगी बड़ी उपलब्धि

जो रूट

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट सीरीज को ड्रॉ करने को बड़ी उपलब्धि मानते हैं। इंग्लिश टीम फिलहाल 1-2 से पीछे है। ऐसे में यदि वह आखिरी टेस्ट जीत लेती है, तो सीरीज को 2-2 के स्कोर से ड्रॉ करने में सफल रहेगी। ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने रूट के हवाले से लिखा,

'आप हाल के दिनों में घर पर भारत के रिकॉर्ड को देखते हैं और यह अविश्वसनीय है। इसलिए, हमारे लिए सीरीज को ड्रा कराना एक अच्छी उपलब्धि होगी। खासकर पिछले दो मैचों को देखें तो हमारे पास दो चुनौतीपूर्ण सप्ताह हैं। सीरीज अगर 2-2 से बराबरी पर रहती है तो यह निश्चित रूप से कप्तान के रूप में मेरी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होगा। हमने पिछले कुछ वर्षों में जो प्रगति की है, वह वास्तव में बेहतरीन है, विशेष रूप से घर से बाहर।'

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से बाहर इंग्लैंड

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के स्पिनरों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा दिए। अक्षर पटेल 11 और रविचंद्रन अश्विन ने 7 विकेट लेते हुए इंग्लैंड की टीम को पहली पारी में 112 व दूसरी पारी में 81 पर ही रोक दिया। परिणामस्वरूप भारतीय टीम ने 49 रनों के बेहद आसान लक्ष्य का सफलतापूर्व पीछा किया और 10 विकेट से एक शानदार जीत अपने नाम कर ली।

10 विकेटों से मिली करारी हार के साथ ना केवल इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में 2-1 से पीछे हो गया, बल्कि टीम का आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट गया। अब यदि भारतीय टीम आखिरी टेस्ट जीतती है या ड्रॉ करती है, तो वह चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेलेगी और यदि इंग्लैंड सीरीज को ड्रॉ करने में कामयाब होता है, तो ऑस्ट्रेलिया की टीम बिना मैच खेले ही फाइनल में पहुंच जाएगी।

4 मार्च से शुरु होगा मुकाबला

जो रूट

इंग्लैंड सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 4 मार्च से खेला जाएगा। ये वही स्टेडियम है, जहां पिछले मुकाबले में पहले ही दिन से पिच स्पिनर्स के लिए मददगार थी और भारत ने 10 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी।

ऐसी रिपोर्ट्स आ रही हैं कि आखिरी टेस्ट की पिच भी कुछ-कुछ पिंक बॉल टेस्ट की तरह हो सकती है। यदि ऐसा होता है, तो ये कहना गलत नहीं होगा की मैच में भारतीय टीम का पड़ला भारी होगा।

Sonam Gupta

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com