IND vs IRE: पहले टी20 के लिए ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-XI, इन 11 खिलाड़ियों पर खेल सकते हैं कप्तान श्रेयस अय्यर दांव
Table of Contents
India likely playing XI for IND vs IRE 1st T20I: अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने घर पर चार मैच खेले। 6 से 20 जून तक 1 टेस्ट और 3 वनडे में एक्शन देखने को मिला। इन सभी में टीम इंडिया का दबदबा रहा और उसने लगभग सभी मैच एकतरफा जीते। इसकी बड़ी वजह अफगान टीम का उतना मजबूत ना होना भी रहा, क्योंकि उनकी टीम में एक-दो खिलाड़ी ही अच्छा करने में कामयाब रहे। बाकी सभी ने निराश ही किया।
अब भारत (India) की अगली चुनौती विदेश में है। टीम इंडिया को जून के अंत में आयरलैंड और जुलाई में इंग्लैंड का दौरा करना है। हालांकि सबसे पहले आयरलैंड टूर होगा और दो मैचों की टी20 सीरीज बेलफ़ास्ट में खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला मैच 26 जून को होगा।
ऐसे में पहले मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग XI में नए कप्तान श्रेयस अय्यर किन खिलाड़ियों को मौका देंगे, यह एक अहम सवाल बना हुआ है। तो चलिए बताते हैं कि भारत (India) की संभावित ग्यारह क्या हो सकती है।
वैभव सूर्यवंशी का India के लिए डेब्यू, संजू को नंबर-3 की पोजीशन

आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारत (India) के स्क्वाड में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं, जो इस समय कमाल की फॉर्म में हैं। आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव ने श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई-सीरीज के फाइनल में 29 गेंदों में 94 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ दिया।
उनकी तूफानी बल्लेबाजी के कारण आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में डेब्यू का मौका मिल सकता है। ऐसे में अभिषेक शर्मा और वैभव की जोड़ी पारी की शुरुआत कर सकती है, जबकि संजू सैमसन नंबर-3 पर नजर आ सकते हैं।
भारत के मिडिल ऑर्डर में ये खिलाड़ी आ सकते हैं नजर, इन तीन ऑलराउंडर्स को भी मौका
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में भारत (India) के लिए नंबर-4 पर ईशान किशन को मौका मिल सकता है। ईशान ने वापसी के बाद से नंबर-3 पर ज्यादा खेला है लेकिन इस पोजीशन पर संजू के आने से उन्हें नीचे जाना होगा। वहीं, पांचवें क्रम पर कप्तान श्रेयस अय्यर आ सकते हैं। अय्यर के लिए सीरीज काफी खास होगी, क्योंकि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे छोटे फॉर्मेट में पहली बार कप्तानी करेंगे।
इसके बाद, ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को भारत अपनी प्लेइंग XI का हिस्सा बना सकता है। इन तीनों के आने से बल्लेबाजी में गहराई और गेंदबाजी विकल्पों में वृद्धि होगी।
आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में भारत का ऐसा हो सकता है गेंदबाजी विभाग
भारत पहले मैच में बिना किसी स्पेशलिस्ट स्पिनर के उतर सकता है। स्पिन विभाग में अक्षर और सुंदर की ऑलराउंड जोड़ी योगदान देती नजर आएगी। इसी वजह से तेज गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव नजर आ सकते हैं।
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह