धर्मशाला ODI के लिए कुछ ऐसी होगी भारत-अफगानिस्तान की प्लेइंग-11, रोहित-राशिद खान की वापसी
Table of Contents
India-Afghanistan Likely XIs For Dharamsala ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। यह पहला मौका है जब अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया कोई द्विपक्षीय सीरीज खेलती नजर आएगी। इससे पहले दोनों ही टीमों की टक्कर वनडे मुकाबलों में वर्ल्ड कप या एशिया कप के दौरान ही हुई है। इनके बीच वनडे इतिहास भी ज्यादा पुराना नहीं है और अभी तक सिर्फ चार ही मैच हुए हैं। इस दौरान भारत ने तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। अफगानिस्तान की नजर अब टीम इंडिया के खिलाफ पहली वनडे जीत पर होगी।
भारत और अफगानिस्तान को तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेलना है, जिसे सबसे खूबसूरत मैदानों में से एक माना जाता है। मैदान के आसपास मौजूद पहाड़ इसकी खूबसूरती में चार चाँद लगा देते हैं। इसी वजह से फैंस के लिए मुकाबले का मजा दोगुना हो जाता है। शनिवार को खेले जाने वाले ODI मैच के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की उम्मीद है। हालांकि, इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI भी चर्चा का विषय बनी हुई है। तो हम आपको दोनों टीमों के संभावित ग्यारह खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं।
भारत की प्लेइंग XI में रोहित समेत इन खिलाड़ियों को धर्मशाला ODI में मिल सकता है मौका

अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज की शुरुआत टीम इंडिया जीत के साथ करना चाहेगी। इसी वजह से पहले मुकाबले में ज्यादा प्रयोग की उम्मीद नहीं की जा रही है। हालांकि, इंजरी के कारण कुछ पोजीशन पर फेरबदल होने की उम्मीद है। ओपनिंग में रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल को मौका दिया जा सकता है। विराट कोहली चोट की वजह से सीरीज का हिस्सा नहीं हैं और उनके रिप्लेसमेंट के रूप में ही जायसवाल को वनडे टीम में मौका मिला है। हालांकि, वो एक ओपनर हैं। इसी वजह से कप्तान शुभमन गिल खुद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।
इसके बाद, उपकप्तान श्रेयस अय्यर और विकेटकीपर केएल राहुल नजर आएंगे। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में पेस ऑलराउंडर के रूप में नितीश कुमार रेड्डी को मौका मिलने की उम्मीद है। स्पिन ऑलराउंडर के रूप में वाशिंगटन सुंदर को खिलाया जा सकता है। वहीं, स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव के नजर आने की संभावना है। तेज गेंदबाजी विभाग में अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ प्रिंस यादव या फिर गुरनूर बरार के डेब्यू की उम्मीद है।
अफगानिस्तान की प्लेइंग XI में राशिद-नबी की वापसी, ये खिलाड़ी भी पहले ODI में आ सकते नजर
भारत के खिलाफ धर्मशाला ODI में अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग XI की बात करें तो बल्लेबाजी विभाग में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। ओपनर के रूप में विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान की जोड़ी नजर आएगी। वहीं, नंबर-3 पर सेदिकुल्लाह अटल और चार पर रहमत शाह नजर आ सकते हैं। इसके बाद, कप्तान हश्मातुल्लाह शाहिदी के साथ लोअर ऑर्डर में ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई व मोहम्मद नबी को मौका मिल सकता है।
गेंदबाजी विभाग में अनुभवी राशिद खान के साथ एएम गजनफर, जिया उर रहमान और मोहम्मद सलीम सैफी को मौका मिल सकता है। सलीम सैफी पहले स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे लेकिन भारत के खिलाफ मुल्लांपुर में 6 विकेट लेने के बाद, उन्हें ODI टीम में भी जगह दी गई।
धर्मशाला ODI के लिए भारत और अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग XI
भारत की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव/गुरनूर बरार
अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग-11: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मातुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, एएम गजनफर, जिया उर रहमान, मोहम्मद सलीम सैफी
यह भी पढ़ें: जायसवाल के बाद इस 23 साल के क्रिकेटर की चमकी किस्मत, अचानक IND vs AFG वनडे सीरीज में मिली जगह