T20 क्रिकेट में Arjun Tendulkar का जलवा, मात्र 25 गेंद पर जड़ी फिफ्टी, 3 विकेट भी झटके
Table of Contents
Arjun Tendulkar match winning performance: सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट की दुनिया में किसी भी पहचान की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपने खेल के दम पर देश और विदेश दोनों जगह अपना नाम बनाया। यही वजह है कि उन्हें सिर्फ भारत में ही नहीं, विदेश में भी आदर्श के रूप में फॉलो किया जाता है। सचिन के आंकड़ों की बराबरी करना शायद ही किसी क्रिकेटर के लिए मुमकिन हो। उनका योगदान ऐतिहासिक है। ऐसे में जब बात उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर की आती है तो उनके ऊपर भी उम्मीदों को पूरा करने का दबाव ज्यादा होता है, क्योंकि अपने पिता की तरह ही अर्जुन ने भी क्रिकेट को ही अपना करियर चुना है।
अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) को बड़े स्तर पर अभी तक बहुत ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। इसी वजह से कई लोग उनकी प्रतिभा पर सवाल भी उठाते हैं। आईपीएल में भी वह कई सालों से नजर आ रहे हैं, लेकिन ज्यादातर समय उन्हें बेंच पर ही रखा जाता है। हालांकि, अर्जुन अपना काम पूरी निष्ठा से करने में लगे हैं और सीमित मौकों के बावजूद सुर्ख़ियों में अपनी जगह बना ही लेते हैं। इस समय बाएं हाथ का यह खिलाड़ी मुंबई टी20 लीग में खेल रहे है, जहां 8 जून को खेले गए मुकाबले में हरफनमौला खेल से अर्जुन ने अपनी टीम एआरसीएस अंधेरी को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे।
बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ Arjun Tendulkar का गेंद से कहर

मुंबई टी20 लीग के 16वें मैच में अंधेरी का सामना बांद्रा से हुआ। इस मुकाबले में बांद्रा ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन 20 ओवर खेलकर 9 विकेट पर 144 रन ही बना पाई। बांद्रा के बड़ा स्कोर ना बना पाने के पीछे अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) की घातक गेंदबाजी रही। अर्जुन ने अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से टॉप ऑर्डर के दो बल्लेबाजों को शुरुआत में ही पवेलियन का रास्ता दिखाया और फिर बाद में एक विकेट और लिया।
इस तरह बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) ने तीन ओवर की गेंदबाजी करते हुए 14 रन खर्च किए और 3 विकेट लिए। उन्होंने सबसे पहले ओपनर प्रतीक कुमार यादव को आउट किया, जो 4 रन ही बना पाए। इसके बाद, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए पराग खानापुरकर को भी अपना शिकार बनाया और उन्हें खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया। अपने तीसरे विकेट के रूप में अर्जुन ने आश्रय सजनानी को आउट किया। आश्रय भी अपना खाता खोलने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी के बाद, अर्जुन तेंदुलकर का बल्ले से कमाल
बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) सिर्फ अपनी गेंदबाजी से ही नहीं, बल्ले से भी छा गए। उन्हें नंबर-3 पर बल्लेबाजी का मौका मिला, जिसका उन्होंने जबरदस्त फायदा उठाया। अर्जुन ने चौके-छक्कों की बारिश की और सबसे पहले 25 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी वे आउट नहीं हुए और अपनी टीम को मैच जिताकर लौटे। अर्जुन के बल्ले से 34 गेंदों में 66 रनों की नाबाद पारी आई, जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 194.12 का रहा।
अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) के अलावा मुशीर खान ने भी 38 गेंदों में 54 रन नाबाद बनाए। इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 रनों की अविजित साझेदारी हुई, जिसके कारण अंधेरी की टीम ने 14वें ओवर में ही 1 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर आसानी से जीत दर्ज कर ली।
IPL 2026 में अर्जुन तेंदुलकर को सिर्फ एक मैच में मिला था मौका
अर्जुन तेंदुलकर कई सीजन मुंबई इंडियंस के साथ रहे, लेकिन उन्हें उम्मीद के मुताबिक मौके नहीं मिले। ऐसे में जब आईपीएल 2026 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने ट्रेड के माध्यम से शामिल किया तो लगा कि कप्तान ऋषभ पंत चांस जरूर देंगे लेकिन यहां भी अर्जुन को निराशा हाथ लगी। सीजन के दौरान उन्हें 13 मैचों तक बेंच पर रखा गया और फिर आखिरी मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ प्लेइंग XI में मौका मिला। इस मैच में अर्जुन ने गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया था।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ODI के लिए भारत की प्लेइंग-11 आई सामने, इन खिलाड़ियाें को मौका देंगे कोच गंभीर