अफगानिस्तान के बाद इंग्लैंड से ODI सीरीज खेलेगा भारत, ये 15 खिलाड़ी हो सकते लंदन रवाना
Table of Contents
India's likely squad for England ODI Series: भारत की मिशन वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां शुरू होने को हैं। इस क्रम में टीम इंडिया को सबसे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर खेलनी है। इस सीरीज का आगाज 13 जून से हो रहा है। इसके लिए कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को रेस्ट दिया गया, जबकि कुछ को नजरअंदाज भी किया गया। वहीं, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी चोट के कारण स्क्वाड में चुने जाने के बाद बाहर हो गए।
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद, अगले महीने भारत को इंग्लैंड का दौरा करना है। इस दौरान व्हाइट बॉल फॉर्मेट में कुल 8 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें तीन वनडे भी शामिल हैं। घर से बाहर होने वाली इस सीरीज में टीम इंडिया की कड़ी परीक्षा हो सकती है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ चुने गए स्क्वाड की तुलना में कुछ बदलाव भी किए जा सकते हैं। इस लेख में हम आपको इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत के 15 सदस्यीय संभावित स्क्वाड की जानकारी देने जा रहे हैं।
इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए गिल-अय्यर India की लीडरशिप का संभाल सकते हैं जिम्मा

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत की कप्तानी शुभमन गिल के पास है। वहीं, उपकप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जो हाल ही में टी20आई में कप्तान नियुक्त किए गए हैं। गिल की अगुआई में टीम इंडिया ने अभी तक दो वनडे सीरीज खेली हैं और दोनों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ कप्तान के रूप में अपनी पहली वनडे सीरीज जीतने पर गिल की नजर होगी। अय्यर भी मुश्किल समय में अपने लीडर की मदद करना चाहेंगे, ताकि भारतीय टीम को मुश्किल न हो।
विराट, हार्दिक और बुमराह की भारत के स्क्वाड में हो सकती है वापसी
इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए भारत की अनुभवी तिकड़ी विराट कोहली, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह की वापसी हो सकती है। दिग्गज बल्लेबाज कोहली हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण अफगानिस्तान वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक को बैक इंजरी से रिकवरी के बाद पैर में मोच आ गई। इसी वजह से उन्हें भी बाहर होना पड़ा। तेज गेंदबाज बुमराह को आराम दिया गया है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 में 13 मैच खेले थे।
इन तीनों को ही चयनकर्ता इंग्लैंड में खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुने जाने की उम्मीद है। विराट और हार्दिक के तब तक फिट हो जाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं, बुमराह पहले से ही फिट हैं।
इंग्लैंड वनडे सीरीज से इन खिलाड़ियों का कट सकता है पत्ता
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत के स्क्वाड में यशस्वी जायसवाल, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे भी शामिल हैं। जायसवाल को विराट के बाहर होने के बाद बतौर रिप्लेसमेंट चुना गया। वहीं, प्रिंस, गुरनूर और हर्ष पहली बार वनडे टीम का हिस्सा बने हैं। हालांकि, इन सभी को इंग्लैंड वनडे सीरीज से ड्रॉप किया जा सकता है।
विराट के वापस आने से जायसवाल का पत्ता काटना तय हैं। वहीं, बुमराह की वापसी से प्रिंस को बाहर किया जा सकता है। हर्षित राणा भी फिट हो गए हैं। इसी वजह से गुरनूर की जगह भी खतरे में है। वहीं, हर्ष की जगह रवींद्र जडेजा या फिर अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है।
इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए भारत का 15 सदस्यीय संभावित स्क्वाड:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा/अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान ODI सीरीज में टूरिस्ट ही बने रहे जाएंगे ये 2 भारतीय खिलाड़ी, प्लेइंग-11 में मौका मिलना मुश्किल