आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज में सिर्फ पानी पिलाते ही रह जाएंगे ये 4 खिलाड़ी, इन्हें नहीं मिलने वाला टीम इंडिया की प्लेइंग-XI में मौका

Published - 07 Jun 2026, 01:10 PM | Updated - 07 Jun 2026, 02:15 PM

Team India

Team India: जून के अंतिम सप्ताह में भारत की टी20 फॉर्मेट में वापसी होने वाली है। फरवरी-मार्च में खेले गए वर्ल्ड कप के बाद से ही इस फॉर्मेट में टीम इंडिया एक भी मुकाबला नहीं खेली है लेकिन इस महीने के अंत में उसका सामना आयरलैंड से दो टी20 मैचों के लिए बेलफ़ास्ट में होना है। इसके बाद, जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।

इन दोनों ही सीरीज के लिए BCCI ने 6 जून को 16 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान किया। सबसे बड़ा बदलाव कप्तानी के मोर्चे पर किया गया और सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर टी20 कप्तान बना दिए गए हैं। वहीं, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की भी किस्मत चमक गई और उन्हें पहली बार टीम इंडिया (Team India) में मौका मिला है। इसके अलावा, प्रिंस यादव वनडे के बाद टी20 टीम में भी जगह बनाने में कामयाब रहे। वहीं, हर्षित राणा भी लंबे समय बाद वापस आ गए हैं।

टीम इंडिया (Team India) के स्क्वाड में शामिल सभी खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा, इसकी गारंटी नहीं है। ऐसे में हम उन 4 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें शायद आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर टी20 मुकाबलों के दौरान टीम इंडिया की प्लेइंग XI में एक भी मैच के लिए शामिल ना किया जाए।

इन 4 खिलाड़ियों को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर Team India की प्लेइंग XI में जगह मिलना मुश्किल

1. प्रिंस यादव

Team India 1

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण प्रिंस यादव की किस्मत बदल गई। उन्हें सबसे पहले अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए चुना गया और अब आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए भी टीम इंडिया (Team India) में मौका मिल गया। प्रिंस की सबसे बड़ी ताकत किसी भी फेज में गेंदबाजी करने की क्षमता है। आईपीएल के हालिया सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट चटकाए। उन्हें आखिरी के कुछ मैचों में विकेट नहीं मिले, लेकिन ओवरऑल प्रदर्शन जबरदस्त रहा। वहीं, उनका इकॉनमी रेट 8.82 रहा।

शानदार परफॉरमेंस के बावजूद प्रिंस यादव को टीम इंडिया (Team India) के लिए आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 में नजर आने की उम्मीद कम ही है। इसकी बड़ी वजह स्क्वाड में अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा जैसे स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों की मौजूदगी है। वहीं, पेस ऑलराउंडर शिवम दुबे और नितीश कुमार रेड्डी भी हैं। इसी वजह से प्रिंस की प्लेइंग XI में जगह तय नहीं नजर आ रही है।

2. रवि बिश्नोई

लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए नहीं चुना गया था लेकिन उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया (Team India) के स्क्वाड में जगह दी गई है। आईपीएल के हालिया सीजन में बिश्नोई ने 9 मैचों में 11 विकेट चटकाए थे और कुछ मैचों में काफी अच्छी गेंदबाजी भी की थी। उनका फॉर्म अच्छा है लेकिन उन्हें प्लेइंग XI में कप्तान श्रेयस अय्यर जगह देंगे, मुश्किल ही नजर आ रहा है।

स्क्वाड में वरुण चक्रवर्ती स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में मौजूद हैं। उनके रहते कुलदीप यादव को भी बाहर रहना पड़ता था। इसी वजह से बिश्नोई के भी बेंच पर ही नजर आने की उम्मीद है।

3. वाशिंगटन सुंदर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साधारण प्रदर्शन करने वाले स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे और उन्हें आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए भी मौका मिला है। सुंदर का चयन बहस का विषय है, क्योंकि आईपीएल 2026 में भी वह ज्यादातर एक बल्लेबाज के रूप में ही खेले और गेंदबाजी काफी कम की।

एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में टीम इंडिया (Team India) की प्लेइंग XI में वाशिंगटन सुंदर को मौका मिलना मुश्किल ही है, क्योंकि भारत के पास अन्य बेहतर विकल्प हैं। वहीं, स्पिन ऑलराउंडर के रूप में अक्षर पटेल की दावेदारी ज्यादा मजबूत है।

4. वैभव सूर्यवंशी

इस लिस्ट में चौथा और अंतिम नाम 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का है, जिन्हें पहली बार टीम इंडिया (Team India) में चुना गया है। वैभव आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतकर आ रहे हैं लेकिन उन्हें आयरलैंड-इंग्लैंड टूर पर खेलने का मौका मिलेगा, इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है।

ओपनर के रूप में भारत के पास अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सेट जोड़ी है और इन दोनों ने काफी अच्छा भी किया है। ऐसे में बिना किसी गलती के इस जोड़ी को तोड़ना गलत होगा। वहीं, वैभव के पास अभी इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव भी नहीं है। इसी वजह से उन्हें शायद ही मौका मिले।

यह भी पढ़ें: 'मेरा बेटा उनके पैर की धूल भी नहीं....' - वैभव सूर्यवंशी के पिता ने क्यों कही ऐसी बात? जानिए पूरा मामला

Tagged:

indian cricket team England Cricket Team Washington Sundar ravi bishnoi ireland cricket team Prince Yadav Vaibhav Sooryavanshi
Prashant

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com