गॉल टेस्ट में भारत की धमाकेदार जीत, श्रीलंका को 165 रन से हराया; मानव सुथार ने बरपाया कहर
Table of Contents
IND vs SL Galle Test: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले गए टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत ने श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में मेजबान टीम दूसरी पारी में 206 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारतीय टीम ने 165 रन से जीत दर्ज की।
पांचवें दिन श्रीलंका के सामने मैच बचाने की चुनौती थी, लेकिन मानव सुथार ने अपनी घातक गेंदबाजी से मेजबान टीम की कमर तोड़ दी। इसी वजह से श्रीलंका की पारी को समाप्त होने में ज्यादा समय नहीं लगा।
Galle Test के पांचवें दिन मिली भारत को जीत

पहले टेस्ट के पांचवें दिन श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 84/4 के स्कोर से आगे शुरू की। कप्तान धनंजय डी सिल्वा (59) और सोनल दिनुशा (84) की जोड़ी ने काफी देर तक टीम इंडिया को परेशान किया। इस दौरान दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और स्कोर को भी 150 के करीब ले गए। फिर इस साझेदारी को तोड़ने का काम रवींद्र जडेजा ने किया और उन्होंने श्रीलंकाई कप्तान को पवेलियन की राह दिखाई।
दिनुशा दूसरी पारी में भी शतक की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन फिर आउट हो गए। उनका विकेट 199 के स्कोर पर गिरा। यहां से श्रीलंका की पारी को समाप्त होने में तीन ओवर भी नहीं लगे और पूरी टीम 206 के स्कोर पर ढेर हो गई। भारत की तरफ से मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए।
भारत को पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने का हुआ फायदा
गॉल टेस्ट में टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 462 का स्कोर खड़ा किया था और यही इस मैच में सबसे निर्णायक साबित हुआ। नंबर-3 के बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल ने 167 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, केएल राहुल ने 82 रन का योगदान दिया और ध्रुव जुरेल ने भी 51 रनों की पारी खेली।
इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 284 रन ही बना पाई थी, जिसकी वजह से गॉल टेस्ट में भारत को 178 रनों की बढ़त हासिल हुई थी। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाकर श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा था।
मानव सुथार का कहर, गॉल टेस्ट में झटके 10 विकेट
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की गेंदबाजी में सबसे सफल मानव सुथार रहे। पहली पारी में सुथार ने 4 विकेट लिए थे। इसके बाद, दूसरी पारी में उन्होंने 6 विकेट झटके। इस तरह मैच में उन्हें 10 विकेट मिले। दूसरे सत्र में श्रीलंका की पारी ढेर करने का श्रेय उन्हें ही जाता है, क्योंकि उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम को हार के नजदीक पहुंचा दिया और फिर अंतिम विकेट भी उनके ही नाम रहा।
यह भी पढ़ें: नो बॉल डालने के मामले में रविंद्र जडेजा बने नंबर-1, देखें अब तक कितनी बार कर चुके ओवर स्टेपिंग
Tagged:
shubman gill team india devdutt padikkal ravindra jadeja Sri Lanka Cricket team Manav Suthar IND vs SL Galle Test Sonal Dinusha