क्रिकेट में फिर मंडराया फिक्सिंग का खतरा, BCCI की निगरानी में आए कई भारतीय खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी मालिक
Table of Contents
BCCI Expands Anti-Corruption Unit: क्रिकेट के खेल में फिक्सिंग (Fixing) का साया हमेशा से रहा है। एक समय कई स्टार खिलाड़ी इसकी चपेट में आए और उनमें से कुछ का करियर पूरी तरह से तबाह हो गया। भारतीय टीम के भी कई खिलाड़ी फिक्सिंग के आरोपों का शिकार हो चुके हैं। इनमें कपिल देव का नाम भी शामिल है, लेकिन बाद में उन्हें निर्दोष करार दिया गया था।
पहले सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट तक फिक्सिंग सीमित रहती थी, लेकिन अब अलग-अलग देशों में होने वाली फ्रेंचाइजी लीग के साथ-साथ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित होने वाली लीगों में भी इसका असर देखने को मिलता है। आईपीएल में भी फिक्सिंग देखने को मिली थी, जिसके बाद BCCI ने एस. श्रीसंत समेत कुछ क्रिकेटरों पर कड़ी कार्रवाई की थी। अब बोर्ड ने राज्य स्तर पर होने वाली टी20 लीग में भी सख्ती करने का फैसला लिया है।
राज्य T20 लीगों में भी BCCI का शिकंजा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपनी एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) का दायरा बढ़ा दिया है, जिससे राज्य संघों द्वारा आयोजित सभी T20 लीग अब कड़ी निगरानी के दायरे में आ गई हैं। यह कदम इन प्रतियोगिताओं से जुड़े खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों और मालिकों से सट्टेबाजों और संदिग्ध लोगों के संपर्क करने की बढ़ती चिंताओं के बीच उठाया गया है।
इससे अब एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) को अलग-अलग राज्य में होने वाली टी20 लीगों पर निगरानी का अधिकार मिल गया है। वे जब चाहे, तब किसी भी T20 लीग की जांच कर सकती है।
BCCI ने राज्य T20 लीगों में ACSU का दायरा क्यों बढ़ाया?

दरअसल, हाल ही में तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2026 के दौरान एक खिलाड़ी को खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। इसके बाद BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने उस खिलाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की। उसे शेष सीजन के लिए सस्पेंड करने के साथ-साथ 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
TNPL में इस तरह का मामला सामने आने के बाद राज्य टी20 लीगों में भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच, BCCI ने राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली टी20 लीगों को भी ACSU के दायरे में लाने का फैसला लिया है।
अब सभी स्टेट टी20 लीग पर ACSU की रहेगी कड़ी नजर
बता दें कि राज्य स्तरीय T20 लीग तेजी से भारत के घरेलू क्रिकेट ढांचे का एक अहम हिस्सा बन गई हैं। इनसे उभरते हुए खिलाड़ियों को ज्यादा पहचान मिलती है और नए कमर्शियल मौके भी पैदा होते हैं। हालांकि, इनके बढ़ने के साथ ही भ्रष्टाचार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं, खासकर युवा या कम अनुभवी खिलाड़ियों के मामले में।
बुकी ज्यादा पैसों का लालच देकर युवा खिलाड़ियों के साथ मिलकर फिक्सिंग का प्रयास करते हैं। कई बार उन्हें सफलता भी मिल जाती है, क्योंकि नए खिलाड़ियों के भटकने की संभावना ज्यादा रहती है। हालांकि, अब BCCI ने ACSU का दायरा बढ़ाकर इस तरह के मामलों पर लगाम लगाने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: अनाया बांगर को क्रिकेट खेलने की मंजूरी, जानें क्या अब टीम इंडिया के लिए भी मिलेगा डेब्यू का मौका?
Tagged:
bcci Tamil Nadu Premier League UP T20 League delhi premiere league BCCI anti corruption unit