आयरलैंड-इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 से हार्दिक पांड्या को क्यों किया गया ड्रॉप? अब जाकर बड़ी वजह आई सामने
Table of Contents
Hardik Pandya dropped from T20I team: BCCI ने शनिवार, 6 जून को एक साथ कई टीमों का ऐलान किया। इस दौरान आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर खेले जाने वाले टी20 मुकाबलों के साथ-साथ जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम के स्क्वाड की घोषणा कर दी। इस दौरान आधिकारिक तौर पर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त किया गया। हालांकि, घोषित किए गए टी20 स्क्वाडों में सबसे अहम बात स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी है।
टी20 क्रिकेट में हार्दिक पांड्या को MVP माना जाता है लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर होने वाले कुल 7 टी20 के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी इस हरफनमौला खिलाड़ी को नहीं चुना गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि क्या सूर्यकुमार यादव की तरह ही चयनकर्ताओं ने हार्दिक को भी ड्रॉप कर दिया है और उनका टी20आई करियर भी खत्म हो गया है। अब इन सवालों का जवाब मिल गया है, क्योंकि हार्दिक को ना चुने जाने की असली वजह सामने आ गई है।
Hardik Pandya को टी20 स्क्वाड से बाहर करने का अगरकर ने बताया कारण

दरअसल, आईपीएल 2026 के दौरान हार्दिक पांड्या की फिटनेस की समस्या देखने को मिली थी। इसी वजह से उन्होंने शुरुआत में एक मैच मिस किया था और दूसरे चरण में भी तीन मैचों से बाहर रहे। हालांकि, हार्दिक को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों के लिए पिछले महीने घोषित किए गए स्क्वाड में रखा गया लेकिन आयरलैंड-इंग्लैंड टूर के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए नहीं चुना गया।
इसके पीछे चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को वजह बताया है। अगरकर ने साफ़ किया कि अभी मुख्य रूप से हार्दिक पांड्या को लेकर प्राथमिकता वनडे फॉर्मेट है और इसी वजह से उन्हें रोटेशन के तहत ही खिलाया जाएगा।
वनडे फॉर्मेट के लिए हार्दिक पांड्या को फिट रखना प्राथमिकता
मुंबई में आयोजित हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में टी20 टीम में हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी को लेकर अजित अगरकर ने कहा,
"हार्दिक वनडे टीम का हिस्सा हैं। टी20 मैचों के लिए उन्हें कुछ आराम और रोटेशन दिया जाएगा, क्योंकि विश्व कप 18 महीने दूर है। हार्दिक टीम को काफी संतुलन प्रदान करते हैं। अगर उनकी गेंदबाजी अच्छी रही, तो हम उनके प्रदर्शन का आकलन करेंगे।"
Ajit Agarkar on Hardik Pandya not in T20I squads: He is part of ODIs. Like Jasprit Bumrah, main objective is to see if he can start playing well and stay healthy for the 50-over World Cup.
— Sahil Malhotra (@Sahil_Malhotra1) June 6, 2026
अजित अगरकर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में BCCI सचिव देवजीत सैकिया भी मौजूद थे। उन्होंने भी बताया कि हार्दिक पांड्या बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं और जल्द ही उनका फाइनल टेस्ट होगा।
हार्दिक पांड्या को टी20 में किसने किया रिप्लेस?
चयन समिति ने हार्दिक पांड्या को टी20 टीम में जगह नहीं दी लेकिन उनके रिप्लेसमेंट के रूप में एक अन्य ऑलराउंडर को चुना है। IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले नितीश कुमार रेड्डी की टी20 टीम में वापसी हुई है। रेड्डी ने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी काफी अच्छा किया और अब उनकी गति में भी इजाफा हुआ है। यही कारण है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ नितीश को एशियन गेम्स के लिए भी चुना गया है।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत का स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी