कप्तानी जाने पर Suryakumar Yadav ने तोड़ी चुप्पी, श्रेयस अय्यर के लिए कही ऐसी बात, जीत लिया फैंस का दिल
Table of Contents
Suryakumar Yadav statement: 6 जून का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए बदलाव के लिहाज से काफी अहम रहा। कुछ दिनों से सूर्यकुमार यादव को टीम इंडिया की टी20 कप्तानी से हटाए जाने की खबरें लगातार आ रही थीं और शनिवार को इस पर आधिकारिक मुहर भी लग गई। BCCI की तरफ से जानकारी दी गई कि सूर्या को कप्तानी से हटा दिया गया है और अब उनकी जगह टीम में भी नहीं है। उनको हटाए जाने के साथ ही श्रेयस अय्यर 'एरा' शुरू हो गया है, क्योंकि नया टी20 कप्तान उन्हें ही बनाया गया है।
आमतौर पर जब किसी को हटाया जाता है तो उसके मन में खुद को रिप्लेस करने वाले को लेकर थोड़ा सा कटुता होती है लेकिन सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने श्रेयस अय्यर को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है और फैंस उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं।
कप्तानी से हटाए जाने पर Suryakumar Yadav का रिएक्शन, श्रेयस के लिए दिल जीतने वाला बयान

दरअसल, सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) इन दिनों मुंबई टी20 लीग में खेल रहे हैं। बीते दिन उनकी टीम ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई का सामना सोबो मुंबई फालकन्स से हुआ, जिसमें श्रेयस अय्यर भी शामिल थे। हालांकि, अय्यर ने कप्तानी नहीं की, क्योंकि वह बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेल रहे थे।
इस दौरान मैच से पहले टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने श्रेयस की काफी तारीफ की और साथ ही खुश जताई कि एक बार टी20 टीम की कमान किसी ऐसे खिलाड़ी को मिली है, जो मुंबई से है। उन्होंने कहा,
"श्रेयस के भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का कप्तान बनने पर मुझे बहुत खुशी है। हमने अपना सारा क्रिकेट मुंबई में साथ खेला है और यह जानकर बहुत अच्छा लगता है कि भारत के पिछले तीनों टी20 कप्तान मुंबई से ही आए हैं।"
View this post on Instagram
सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने की अजित अगरकर ने बताई वजह
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को बिना एक भी सीरीज खिलाए कप्तानी और टीम से ड्रॉप करने का फैसला काफी अहम माना जा रहा है। कई जानकारों को लगता है कि शायद चयनकर्ताओं ने ज्यादा ही सख्ती दिखाई और सूर्या को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर मौका दिया जा सकता था।
हालांकि, चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ने इसे टीम हित में लिया गया फैसला बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अगरकर ने कहा,
"सूर्या के संदर्भ में, जाहिर है, यह एक कठिन निर्णय है, क्योंकि उन्होंने अभी-अभी वर्ल्ड कप जीता है, लेकिन जैसा कि अधिकांश वर्ल्ड कप के बाद होता है, हम आगे बढ़ने के सर्वोत्तम तरीके का पुनर्मूल्यांकन करने का प्रयास करते हैं। कुछ हद तक उनकी अपनी फॉर्म को देखते हुए, लेकिन अगले दो साल के चक्र को ध्यान में रखते हुए, या यूं कहें कि अगले वर्ल्ड कप तक दो साल से थोड़ा अधिक समय बचा है, हमने सोचा कि यही सबसे अच्छा रास्ता है।"
अगरकर ने Suryakumar Yadav को ड्रॉप करने के फैसले को लेकर कही ये बात
चीफ सिलेक्टर का मानना है कि सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के खराब फॉर्म और भविष्य को ध्यान में रखकर सारी चीजें हुई हैं। अगरकर ने कहा,
"बेशक, सूर्यकुमार को टीम से बाहर रखना एक कठिन फैसला है। जिसने आपको वर्ल्ड कप जिताया हो, उसे बदलना आसान नहीं होता। लेकिन जैसा कि मैंने कहा, उस वर्ल्ड कप के बाद हमने कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। कुछ हद तक खराब फॉर्म की वजह से, और कुछ हद तक आगे की रणनीति हमेशा दिमाग में रहती है। और आगे बढ़ते हुए, एक नए कप्तान के साथ, इस मामले में श्रेयस को कप्तान बनाना हमारी राय में सही फैसला था।"
IPL 2026 में फ्लॉप होना सूर्यकुमार यादव को पड़ा भारी
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) काफी समय से बल्ले से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी USA के खिलाफ 84 रनों की नाबाद पारी को हटा दें तो उनके लिए टूर्नामेंट बल्ले के साथ साधारण ही रहा। उससे पहले भी उनका फॉर्म कुछ खास नहीं था।
उम्मीद थी कि शायद आईपीएल के 19वें सीजन में अच्छा करते हुए सूर्या चयन समिति को प्रभावित करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने 13 पारियां खेलीं और 20.76 के औसत से 270 रन ही बना पाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतकीय पारियां आईं।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया घोषित, तिलक वर्मा बने उपकप्तान, सूर्या समेत ये 4 दिग्गज बाहर