क्रिकेट पिच की लंबाई-चौड़ाई कितनी होती है? डिटेल्स में जानें पूरी जानकारी

Published - 12 Sep 2026, 03:35 PM | Updated - 12 Sep 2026, 04:51 PM

Pitch

क्रिकेट के खेल में सबसे अहम पिच (Pitch) होती है। इसी से तय होता है कि फैंस को चौके-छक्कों के साथ एक हाई स्कोरिंग गेम देखने को मिलेगा या फिर गेंदबाज कहर बरपाएंगे। व्हाइट बॉल क्रिकेट में तो अब फ्लैट पिचों का चलन बढ़ गया है लेकिन टेस्ट में अभी भी खेल के आगे बढ़ने के साथ-साथ पिच का मिजाज भी बदलता रहता है।

काफी सारे फैंस को यह तो पता होगा कि क्रिकेट में पिच (Pitch) की लंबाई 22 गज होती है लेकिन चौड़ाई, बल्लेबाजी क्रीज की लेंथ और गेंदबाजी क्रीज की लेंथ, इन सभी चीजों के बारे में बहुत ही कम लोगों को पता होगा। तो चलिए हम आपको ये सभी जानकारी प्रदान करते हैं।

क्या होती है क्रिकेट Pitch, जानें लंबाई और चौड़ाई

Pitch 1

क्रिकेट के खेल में मैदान के बीच एक आयताकार जगह बनी होती है, जिसे पिच (Pitch) कहा जाता है। इस पर बल्लेबाज को गेंदबाज गेंद डालता है और इसी के दोनों छोर से गेंदबाजी और बल्लेबाजी बदलकर-बदलकर होती है। पिच के दोनों छोर पर स्टंप लगाए जाते हैं, जिनके बीच की दूरी 22 गज होती है। पिच की सतह पर पूरा खेल निर्भर करता है।

पिच (Pitch) की सतह से ही पता चलता है कि बल्लेबाजों को मदद मिलेगी या फिर गेंदबाज अच्छा करेंगे। तेज गेंदबाज हावी होंगे या फिर स्पिनर्स का पलड़ा भारी रहेगा। नियम के अनुसार, क्रिकेट की पिच की लंबाई 22 गज (20.12 मीटर) और चौड़ाई 10 फीट (3.05 मीटर) होती है।

क्रिकेट पिच में गेंदबाजी क्रीज की लंबाई

पिच (Pitch) में सिर्फ 22 गज की दूरी नहीं होती है, बल्कि इसे अलग-अलग क्रीज के आधार पर विभाजित किया जाता है। गेंदबाजी क्रीज, पॉपिंग क्रीज और रिटर्न क्रीज, ये तीनों बहुत ही अहम होते हैं। गेंदबाजी क्रीज की लंबाई काफी अहम होती है, क्योंकि यह तीनों स्टंप के बीच से होकर गुजरती है और स्टंप की लाइन का भी पता चलता है। इसकी लंबाई 8 फीट 8 इंच यानी करीब 2.64 मीटर होती है।

बल्लेबाजों के क्रीज के अंदर या बाहर होने का पॉपिंग क्रीज से होता है फैसला

पॉपिंग क्रीज की बात करें तो यह गेंदबाजी क्रीज के समानांतर बनाई जाती है और इससे 4 फीट (1.22 मीटर) आगे बनाई जाती है। इसी के आधार पर किसी बल्लेबाज के क्रीज के अंदर या बाहर होना निर्धारित होता है, जिससे रन आउट और स्टंपिंग के फैसले होते हैं।

पिछले पैर की नो-बॉल के लिए रिटर्न क्रीज अहम

रिटर्न क्रीज गेंदबाजों के लिए अहम होती है। यह गेंदबाजी क्रीज के दोनों तरफ समकोण पर बनाई जाती है। इसी के आधार पर किसी भी गेंदबाज के पिछले पैर की नो-बॉल चेक की जाती है। ये दोनों बीच वाले स्टंप के सेंटर को जोड़ने वाली काल्पनिक रेखा के दोनों ओर 4 फ़ीट 4 इंच (1.32 मीटर) की दूरी पर होने चाहिए।

हर रिटर्न क्रीज को पॉपिंग क्रीज से शुरू करके उसके पीछे कम से कम 8 फीट (2.44 मीटर) तक मार्क किया जाना चाहिए और इसकी लंबाई को असीमित माना जाएगा।

यह भी पढ़ें: मैच से 24 घंटे पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, स्टार बल्लेबाज चोटिल, अब मुकाबले करेगा मिस

Tagged:

icc Pitch Cricket Pitch
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com