श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान, जडेजा-बुमराह की वापसी, इस खिलाड़ी को मिला डेब्यू
Table of Contents
Team India squad for Sri Lanka Test Series: 15 अगस्त में श्रीलंका दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए को टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कुछ दिन पहले ही बताया गया था कि एक या दो दिन में टीम चुनी जाएगी और मंगलवार, 28 जुलाई को घोषणा होगी।
अब कुछ ऐसा ही देखने को मिला और सुबह ही बीसीसीआई ने भारतीय स्क्वाड का खुलासा कर दिया है। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया (Team India) के स्क्वाड में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिले हैं लेकिन जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में पहले ही वाशिंगटन सुंदर का चयन तय नहीं बताया गया था, क्योंकि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। इसी वजह से सारांश जैन को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया है।
शुभमन गिल और केएल राहुल संभालेंगे लीडरशिप

BCCI ने श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया (Team India) की लीडरशिप में कोई बदलाव नहीं किया है। कप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल ही उठाएंगे। गिल की कप्तानी में भारतीय टीम पहली बार श्रीलंका में खेलती नजर आएगी। ऐसे में उनका प्रयास सीरीज जीत का रहेगा।
उनकी मदद के लिए केएल राहुल भी उपलब्ध रहेंगे, जिन्हें उपकप्तानी सौंपी गई है। राहुल को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए ऋषभ पंत की जगह उपकप्तान बनाया गया था और अब वो इस भूमिका में श्रीलंका टेस्ट सीरीज के दौरान भी नजर आएंगे।
अफगानिस्तान वाले स्क्वाड से सुंदर समेत ये 3 खिलाड़ी Team India से बाहर
जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट वाले स्क्वाड की तुलना में श्रीलंका दौरे के लिए तीन खिलाड़ियों को बाहर किया गया है। ये खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्ष दुबे हैं। सुंदर और रेड्डी चोट के कारण नहीं चुने गए हैं, जबकि हर्ष को ड्रॉप किया गया है।
बीसीसीआई ने सुंदर को लेकर जानकारी दी कि वो पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में अगर दूसरे टेस्ट से पहले उन्होंने फिटनेस हासिल कर ली तो फिर उन्हें शामिल किया जा सकता है।
सारांश को पहली बार मिला मौका, जडेजा की वापसी, साई-बुमराह की फिटनेस पर रहेगी नजर
श्रीलंका में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टीम (Team India) में चुना गया है। सुंदर की चोट का फायदा सारांश को मिला। उन्होंने हाल ही में श्रीलंका दौरे पर इंडिया ए के गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा किया था। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने मौका दिया है।
वहीं, दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी वापस आ गए हैं। जडेजा को अफगानिस्तान के खिलाफ आराम दिया गया था। वहीं, जसप्रीत बुमराह की भी टीम (Team India) में वापसी हुई है, लेकिन उनकी और साई सुदर्शन की उपलब्धता BCCI के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस से फ़िटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगी।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
शुभमन गिल(कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन
*चयन फिटनेस पर निर्भर करेगा।