SRH vs DC: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया, पॉइंट्स टेबल अपडेट
Published - 21 Apr 2026, 11:48 PM | Updated - 21 Apr 2026, 11:59 PM
SRH vs DC: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 47 रनों से मात दी है।
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर हैदराबाद ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। 243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 195 रन ही बना सकी।
SRH vs DC में अभिषेक शर्मा बने प्लेयर ऑफ द मैच

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और महज 68 गेंदों में नाबाद 135 रनों की पारी खेली।
अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े। अभिषेक के अलावा हेनरिक क्लासेन ने अंत में 13 गेंदों पर तेजतर्रार 37 रन बनाए, जिसकी बदौलत हैदराबाद ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 242 रनों का विशाल स्कोर बनाकर दिल्ली कैपिटल्स को 243 का लक्ष्य दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से एक विकेट केवल अक्षर पटेल को मिला, इसके अलावा एक विकेट रन आउट के रूप में टीम को मिला।
ईशान मलिंगा के सामने दिल्ली कैपिटल्स धराशायी
विशाल लक्ष्य के दबाव में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनिंग करने आए केएल राहुल ने 37 रन और नीतीश राणा ने 57 रनों की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वे जीत की दहलीज तक नहीं पहुंच पाए। केएल राहुल हैदराबाद के खिलाफ बल्लेबाजी में संघर्ष करते नजर आए।
दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने भी मैच को अंत तक खींचने का अच्छा प्रयास किया लेकिन मध्यक्रम में बल्लेबाजों का सपोर्ट ना मिलने से मैच अपने पाले में करने में नाकाम रहे। रिजवी ने 28 गेंदों में 41 रनों की पारी खेली जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे।
हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, अंत में हर्ष दुबे ने आखिरी ओवर में लगातार विकेट लेकर दिल्ली की पारी को 195 रनों पर ही रोक दिया।
पॉइंट्स टेबल में हैदराबाद की लंबी छलांग
SRH vs DC के मुकाबले में इस धमाकेदार जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद अब पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अभिषेक शर्मा को उनकी बेहतरीन शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार एक बड़ा झटका है, क्योंकि वे अब अंक तालिका में पिछड़ गए हैं। हैदराबाद की टीम अब अपनी इस लय को बरकरार रखते हुए आगामी मैचों में भी जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी।
SRH vs DC के 31वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की इस हार के बाद टीम 6 मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ पांचवें स्थान पर बनी रहेगी। जबकि 6 मैचों में से पांच जीतकर पंजाब किंग्स पहले स्थान पर मौजूद है।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर