पाकिस्तान ने फिर खड़ा किया विवाद, लॉर्ड्स टेस्ट छोड़ने की दी धमकी, जानिए क्या है मामला
Table of Contents
England vs Pakistan Lord's Test: पाकिस्तान की टीम WTC के तहत तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर है। यह दौरा 19 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगा। सीरीज की शुरुआत लीड्स टेस्ट से हुई, जिसमें पाकिस्तान को इंग्लैंड ने एक पारी और 103 रनों से हराया था। दूसरा टेस्ट 27 अगस्त से ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू हुआ।
हालांकि, इस टेस्ट के पहले ही दिन एक बड़े विवाद ने जन्म ले लिया, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ब्रेक के बाद अपनी टीम (Pakistan) को मैदान पर नहीं भेजने के विकल्प पर विचार किया था। आखिर ऐसा क्यों हुआ और पूरा मामला क्या है, इसकी पूरी जानकारी हम आगे देंगे।
Pakistan ने लॉर्ड्स टेस्ट छोड़ने की क्यों दी धमकी?
दरअसल, इंग्लैंड और पाकिस्तान (Pakistan) टेस्ट सीरीज के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर Sky Sports ने लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन जेल में सजा काट रहे पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और कप्तान इमरान खान के बेटों के साथ एक खास इंटरव्यू से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गया।
इसी वजह से PCB ने लंच ब्रेक के बाद पाकिस्तान टीम (Pakistan Team) के मैदान पर नहीं उतरने के विकल्प पर विचार किया था। हालांकि, बाद में पाकिस्तान की टीम तय समय पर मैदान पर लौट आई, जिससे बड़ा विवाद टल गया।
Sky Sports से PCB नाराज, इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू से भड़का

लॉर्ड्स टेस्ट के बीच Sky Sports की तरफ से इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी माइकल एथर्टन ने इमरान खान के दोनों बेटों सुलेमान और कासिम खान के साथ इंटरव्यू किया, जिसे लंच ब्रेक के दौरान प्रसारित किया जाना था। लेकिन इसकी भनक लगते ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक्शन में आ गया और उसने तुरंत Sky Sports से संपर्क किया।
PCB ने धमकी दी कि अगर यह सेगमेंट प्रसारित किया गया, तो उसके खिलाड़ी लंच के बाद मैदान पर वापस नहीं आएंगे। बातचीत के दौरान Sky ने इंटरव्यू में देरी की, लेकिन आखिरकार 18 मिनट का क्लिप प्रसारित कर दिया। जब तक यह खत्म हुआ, पाकिस्तान के खिलाड़ी दोपहर 2:40 बजे दूसरा सेशन शुरू करने के लिए मैदान पर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
जेल में सजा काट रहे हैं इमरान खान
इंटरव्यू में इमरान खान के दोनों बेटों ने अपने पिता की सेहत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनके पिता पिछले तीन साल से जेल में हैं और उन्हें उनकी जान का डर है। बता दें कि पाकिस्तान को 1992 वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने वाले इमरान खान कई मामलों में दोषी पाए जाने के बाद कुछ वर्षों से जेल में हैं।
हाल ही में उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते हुए 21 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को एक चिट्ठी भी लिखी थी। इसमें सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर जैसे भारतीय दिग्गजों के भी हस्ताक्षर थे।
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान ने चटकाए 9 विकेट
लॉर्ड्स टेस्ट में बारिश के कारण खेल देरी से शुरू हुआ। टॉस जीतकर पाकिस्तान (Pakistan) ने कंडीशंस को देखते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे गेंदबाजों ने सही साबित किया। पहले दिन 56 ओवर के खेल में इंग्लैंड ने 248/9 का स्कोर बनाया। जेमी स्मिथ ने सबसे ज्यादा 61 रनों की पारी खेली। वहीं, जॉर्डन कॉक्स के बल्ले से 55 रन आए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास ने चार और मोहम्मद अली ने तीन विकेट लिए।