IND vs SL: श्रीलंका ने कोलंबो टेस्ट बचाया, फॉलोऑन देने के बावजूद भारत जीत दर्ज करने में रहा नाकाम; दिनुशा ने दूसरी पारी में भी ठोका शतक

Published - 27 Aug 2026, 04:23 PM | Updated - 27 Aug 2026, 05:10 PM

IND Vs SL 8

IND vs SL Colombo Test Draw: गॉल में शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम को कोलंबो में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे और आखिरी मुकाबले में पहले चार दिन तक लग रहा था कि भारत आसानी से जीत की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, पांचवें दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने डटकर बल्लेबाजी की और भारत के हाथ से जीत का मौका छीनते हुए मैच बचा लिया।

सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की। इसके बाद, श्रीलंका की पहली पारी 290 पर समाप्त हुई और टीम फॉलोऑन टालने में नाकाम रही। इसके बाद, श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 429/9 के स्कोर पर घोषित की। 217 का टारगेट चेज करने के लिए समय नहीं बचा था, इसीलिए भारतीय टीम तुरंत मैच ड्रॉ के लिए राजी हो गई। हालांकि, ड्रॉ के बावजूद शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

IND vs SL कोलंबो टेस्ट के पांचवें दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने बदला मैच का रुख

IND Vs SL 9

कोलंबो टेस्ट के अंतिम दिन श्रीलंका ने 229/6 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। सोनल दिनुशा और केशारा नुवांतू पर दारोमदार था कि वे ज्यादा से ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करें और 16 रनों की बढ़त में इजाफा करें। इन दोनों ने ऐसा ही किया और पहले सत्र में भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने लंच से पहले शतकीय साझेदारी पूरी की और सत्र का अंत 329/6 के स्कोर पर किया। इस दौरान दिनुशा अपना अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे।

दूसरे सत्र की शुरुआत में नुवांतू आउट हो गए। उन्होंने 46 रनों की पारी खेली। इसके बाद प्रभात जयसूर्या भी 2 रन बनाकर चलते बने। यहां से दिनुशा को पहली पारी की तरह ही लाहिरू कुमारा का साथ मिला। इस जोड़ी ने दूसरे सत्र का अंत किया और फिर चाय के बाद अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की।

कुमारा ने 90 गेंदों में 12 रन बनाए। वहीं, दिनुशा शतक बनाकर आखिरी तक नाबाद रहे और अपनी टीम के लिए मैच बचा लिया। असिथा फर्नांडो ने भी 24 गेंदों का सामना किया। भारत की तरफ से मानव सुथार और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए।

IND vs SL कोलंबो टेस्ट की दूसरी पार में भी दिनुशा का शतक, बल्लेबाजी से जीता दिल

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा प्रभावित सोनल दिनुशा ने किया। इस युवा बल्लेबाज ने IND vs SL कोलंबो टेस्ट की पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी शतक बनाया। उनकी 264 गेंदों में 133 रनों की नाबाद पारी के कारण ही भारत के हाथ से जीत का मौका निकल गया। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में भी 103 रन बनाए थे, जिसकी वजह से टीम इंडिया की बढ़त का अंतर कम हो गया था।

ड्रॉ के बावजूद IND vs SL टेस्ट सीरीज भारत के नाम

श्रीलंका के खिलाफ भारत को कोलंबो टेस्ट में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा, लेकिन दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से टीम इंडिया के नाम रही। इसकी वजह गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारतीय टीम की 165 रनों से जीत बनी। 9 साल बाद श्रीलंकाई सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची भारतीय टीम अब विजेता बनकर लौटेगी। हालांकि, दूसरे टेस्ट में जीत हासिल करने में नाकाम रहने के कारण मेहमान टीम को निराशा जरूर होगी।

यह भी पढ़ें: भारत-श्रीलंका फाइनल डे के दिन आई बुरी खबर, क्रिकेट जगत के 2 दिग्गजों ने किया संन्यास का ऐलान

Tagged:

shubman gill team india Sri Lanka Cricket team Sonal Dinusha IND vs SL Colombo Test
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com