“हम कुछ अलग…” कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल का बड़ा बयान, फॉलोऑन के फैसले पर भी दिया रिएक्शन

Published - 27 Aug 2026, 05:44 PM | Updated - 27 Aug 2026, 06:16 PM

Shubman Gill 2

Shubman Gill Statement: श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में भारत जीत से चूक गया। मैच के पांचवें दिन भारतीय टीम श्रीलंकाई पारी को समेटने में नाकाम रही, जिसकी वजह से मुकाबला ड्रॉ रहा। पहले चार दिन तक भारत की पकड़ मजबूत नजर आ रही थी, लेकिन आखिरी दिन पूरा खेल पलट गया।

इसी वजह से भारतीय टीम की रणनीति और कप्तानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने अपनी टीम का बचाव किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने नतीजा हासिल करने के लिए तीन दिन तक अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन श्रीलंका ने शानदार खेल दिखाया।

Shubman Gill ने किया भारतीय टीम का बचाव

Shubman Gill 3

कोलंबो टेस्ट की पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) से पूछा गया कि क्या वे नतीजे के लिए कुछ अलग कर सकते थे। इस पर गिल ने कहा,

"सच कहूं तो, कुछ नहीं। मतलब, हमने लगातार तीन दिनों तक लगभग 250 ओवर फील्डिंग की और हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। उन्होंने बहुत शानदार खेल दिखाया। मुझे लगता है कि बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा खेला। उनके पास काफी हुनर ​​था और थोड़ी किस्मत भी उनके साथ थी। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे।"

बता दें कि श्रीलंका ने दूसरे दिन के अंत में अपनी पहली पारी शुरू की थी और इसके बाद अगले तीन दिनों तक दोनों पारियों को मिलाकर बल्लेबाजी की। यही वजह रही कि भारत को जीत दर्ज करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल सका।

श्रीलंका को फॉलोऑन देने के फैसले की शुभमन गिल ने बताई वजह

कुछ लोगों का मानना है कि टीम इंडिया ने श्रीलंका को फॉलोऑन देकर गलती की और उसे खुद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) से भी फॉलोऑन के इस फैसले को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मौसम की स्थिति का हवाला देते हुए टीम के फैसले का बचाव किया। गिल ने कहा,

"जैसा कि मैंने कहा, मुझे लगता है कि श्रीलंका ने इस मैच में शानदार खेल दिखाया। बाद में सोचने पर लग सकता है कि क्या फॉलोऑन देने का फैसला सही था लेकिन मौसम और बाकी चीजों को ध्यान में रखते हुए, हमें पक्का नहीं पता था कि पांचवें दिन पूरा खेल हो पाएगा या नहीं। लेकिन इन चीजों के बारे में बाद में ही बात की जा सकती है।"

शुभमन गिल (Shubman Gill) ने आगे कहा,

"जब आप तत्काल फैसला लेते हैं तो कभी-कभी चीजें हमारे पक्ष में होती हैं, और कभी नहीं। यह क्रिकेट का खेल है, और मुझे लगता है कि आज आखिरकार टेस्ट क्रिकेट की जीत हुई।"

ऐसा रहा कोलंबो टेस्ट का हाल

23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। इसके बाद, पहली पारी में टीम इंडिया ने 503/9 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 290 रन पर ऑल आउट हो गई।

इसके बाद भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन दिया, लेकिन दूसरी पारी में मेजबान टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और अंतिम दिन के तीसरे सत्र में 429/9 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। श्रीलंका की तरफ से सोनल दिनुशा ने दोनों पारियों में शतक बनाया और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

यह भी पढ़ें: IND vs SL: श्रीलंका ने कोलंबो टेस्ट बचाया, फॉलोऑन देने के बावजूद भारत जीत दर्ज करने में रहा नाकाम; दिनुशा ने दूसरी पारी में भी ठोका शतक

Tagged:

shubman gill team india Sri Lanka Cricket team IND vs SL Colombo Test
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com