भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपडेटेड स्क्वाड किया घोषित, जानें किन खिलाड़ियों को मिला मौका
Table of Contents
India vs New Zealand: न्यूजीलैंड घरेलू सरजमीं पर मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में भारत की मेजबानी कर रहा है। दोनों टीमों के बीच 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक 5 टी20 खेले गए। इस सीरीज में भारत ने 3-2 से बाजी मारी। अब इनके बीच वनडे फॉर्मेट में रोमांच देखने को मिलेगा, क्योंकि 4 से 15 नवंबर तक 5 वनडे खेले जाएंगे।
2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भारत के साथ-साथ न्यूजीलैंड (New Zealand) के लिए भी वनडे सीरीज काफी अहम है। हालांकि, सीरीज के आगाज से पहले न्यूजीलैंड को स्क्वाड में कुछ बदलाव करने पड़े हैं, क्योंकि दो खिलाड़ी सभी मैचों से बाहर हो गए हैं।
भारत के खिलाफ चैपमैन और रचिन वनडे सीरीज का नहीं होंगे हिस्सा
न्यूजीलैंड (New Zealand) को टी20 सीरीज में मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र की सेवाएं नहीं मिली थीं और अब ये दोनों खिलाड़ी वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। चैपमैन बाईं हैमस्ट्रिंग की इंजरी से उबर रहे हैं, जो उन्हें यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में खेलते हुए लगी थी। एमआरआई से पता चला है कि ठीक होने के लिए दो और हफ्तों के रिहैबिलिटेशन की जरूरत है।
वहीं, विज्ञापन के शूट के दौरान कंधे की इंजरी का शिकार होने वाले रचिन रवींद्र को भी अभी फिट होने में समय लगेगा। अभी यह खिलाड़ी फील्डिंग के लिए पूरी तरह फिट नहीं है और 19 नवंबर से होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज को देखते हुए कीवी टीम मैनेजमेंट ने एहतियातन रचिन को वनडे सीरीज से बाहर रखने का फैसला किया है।
New Zealand के स्क्वाड में हुए ये फेरबदल

भारत के खिलाफ मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र के बाहर होने के बाद, न्यूजीलैंड (New Zealand) ने विकेटकीपर टिम साइफर्ट को पहले तीन मैचों के वनडे स्क्वाड में भी शामिल कर लिया है। इससे पहले उन्हें सिर्फ अंतिम दो वनडे के लिए चुना गया था। वहीं, हेनरी निकोल्स को पहले तीन मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड ए और इंडिया ए के बीच चल रही रेड-बॉल सीरीज में शामिल डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मैचों के लिए वनडे टीम से जुड़ेंगे।
इसके अलावा तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर को भी साइफर्ट की तरह पूरी सीरीज के लिए सेलेक्ट कर लिया गया है। उन्हें भी शुरुआत में सिर्फ आखिरी के दो मैचों के लिए चुना गया था लेकिन अब शुरुआत से ही स्क्वाड का हिस्सा रहेंगे।
टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का अपडेटेड स्क्वाड
पहले तीन वनडे: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर।
आखिरी दो वनडे: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड ODI सीरीज में बेंच गर्म करते ही रह जाएंगे ये 4 खिलाड़ी, नहीं मिलने वाला इन्हें मौका