अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी में अमृतसर ने जीता शेर-ए-पंजाब का खिताब, लुधियाना को 8 विकेटों से हराकर मैच पर किया कब्जा
Table of Contents
भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) IND vs AFG टी20 सीरीज से पहले शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 में खेल रहे थे। इस लीग में अभिषेक अमृतसर सूरमास की कप्तानी कर रहे थे। हालांकि, उन्हें टीम इंडिया से जुड़ने के लिए लिए अपनी टीम का साथ बीच में ही छोड़ना पड़ा।
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) काफी अच्छी फॉर्म में थे और उनके जाने से अमृतसर के फाइनल में भी पहुंचने की संभावना कम नजर आ रही थी लेकिन टीम ने नमन धीर की कप्तानी में टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया।
अमृतसर सूरमास ने जीता शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का टाइटल
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को मोहाली में खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लुधियाना लायंस की टीम 20 ओवर खेलने में सफल रही लेकिन 142 रन ही बना पाई। 143 के लक्ष्य का पीछा करने में अमृतसर सूरमास को परेशानी नहीं हुई और 16.4 ओवर में ही 144/2 का स्कोर बनाकर 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।
खिताबी मैच में अमृतसर सूरमास के लिए गेंदबाजी में लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे ने कमाल की गेंदबाजी की और सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, बल्ले के साथ ओपनर सहज धवन ने 63 रन नाबाद बनाए और टॉप स्कोरर रहे।
Abhishek Sharma ने 5 मुकाबलों में लिया था हिस्सा

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के सीजन की शुरुआत 30 अगस्त से हुई थी। तब अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) इंटरनेशनल क्रिकेट में व्यस्त नहीं थे। इसी वजह से उन्होंने शुरुआत से ही लीग में अमृतसर सूरमास की कमान संभाली और 5 मुकाबलों में नजर आए। उन्होंने शुरू के तीन मैच खेले और फिर एक मैच मिस किया। इसके बाद, दो और मुकाबलों में नजर आए। उनकी कप्तानी में टीम ने तीन मैच जीते और दो गंवाए।
बल्ले के साथ अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने काफी तबाही मचाई और पहले दो मैचों में ही 77 और 82 रनों की पारियां खेलीं। इसके बाद, तीसरे मैच में 9 गेंदों में 21 रन बनाए और चौथे में 15 गेंदों में 49 रनों की पारी खेली। पांचवें मैच में वे सिर्फ 13 रन ही बना पाए। अभिषेक ने ओवरऑल 5 पारियों में 48.40 की औसत और 268.89 की स्ट्राइक रेट से 242 रन स्कोर किए।
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में भी अभिषेक शर्मा ने बल्ले से किया कमाल
जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर अभिषेक शर्मा सिर्फ 11 रन बना पाए थे। इसी वजह से उनकी जगह पर खतरा मंडरा रहा था। हालांकि, अभिषेक ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के अच्छे फॉर्म को बरकरार रखा और अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में 32 गेंदों में 82 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी में सात चौके और सात छक्के शामिल रहे। वहीं, उनका स्ट्राइक रेट 256.25 रहा।