टीम इंडिया के लिए नहीं मिल रहा मौका, तो आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP
Table of Contents
भारत में क्रिकेट का खेल धर्म माना जाता है। इस खेल को खेलने वाला हर एक बच्चा और जवान टीम इंडिया (Team India) के लिए खेलने का सपना रखता है लेकिन इनमें से कुछ को ही यह मौका मिल पाता है। इंटरनेशनल क्रिकेट की डगर आसान नहीं होती है और वहां तक पहुंचने के लिए कई चुनौतियों से गुजरना पड़ता है।
हालांकि, कुछ खिलाड़ियों को यह मौका मिल जाता है लेकिन उन्हें कुछ समय बाद ही अपनी जगह गंवानी भी पड़ जाती है। ऐसा ही कुछ तेज गेंदबाज आकाशदीप और मुकेश कुमार के साथ हुआ। इन दोनों को एक समय टीम इंडिया (Team India) में खूब मौके मिल रहे थे लेकिन फिर इन्हें दरकिनार कर दिया गया। इसके बावजूद अब इन्हें बड़ा सम्मान मिला है और ये दोनों DSP बन गए हैं।
Team India के लिए खेल चुके आकाशदीप और मुकेश कुमार को बनाया गया DSP

टीम इंडिया (Team India) के जलवा दिखा चुके आकाशदीप और मुकेश कुमार बिहार राज्य के हैं। ये दोनों घरेलू क्रिकेट में भले ही बंगाल के लिए खेलते हों लेकिन बिहार सरकार ने अब इन्हें बड़ा सम्मान दिया है। दोनों तेज गेंदबाजों को शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) को खेल में उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सीधे डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (DSP) के पद पर नियुक्त किया गया है।
खेल विभाग द्वारा पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए, जिनमें आकाश दीप और मुकेश कुमार जैसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल थे। बिहार में "मेडल लाओ, नौकरी पाओ" योजना के तहत कई अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरी मिली है।
आकाशदीप ने बिहार सरकार को कहा धन्यवाद, DSP बनने को बताया बड़ी जिम्मेदारी
एएनआई से बात करते हुए टीम इंडिया (Team India) से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज आकाशदीप ने कहा,
"यह एक बड़ी ज़िम्मेदारी है। बिहार के युवाओं के लिए यह बहुत बड़ी प्रेरणा है कि अगर वे कड़ी मेहनत करते हैं, तो राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। CM सम्राट चौधरी द्वारा खेलों को बढ़ावा देने की वजह से पुरानी सोच बदली है और बिहार के युवा खेल की ओर आगे आ रहे हैं। जिस तरह से आज 20-25 नौकरी के पत्र दिए गए, उससे माता-पिता को भी भरोसा मिलता है कि उनके बच्चे का भविष्य सुरक्षित है।"
आकाशदीप ने भारत (Team India) के लिए 2024 में डेब्यू किया था। अभी तक उन्होंने 10 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 28 विकेट झटके हैं। वहीं, बल्लेबाजी में एक अर्धशतक की मदद से 163 रन भी बनाए हैं। हालांकि, इंग्लैंड दौरे के बाद से आकाश टीम इंडिया के लिए नहीं खेले हैं।
मुकेश कुमार ने सरकार की स्कीम को सराहा, एथलीट्स के लिए बताया प्रेरणादयक
2023 में टीम इंडिया (Team India) के लिए डेब्यू करने वाले मुकेश कुमार तीनों ही फॉर्मेट में खेल चुके हैं। उन्हें गौतम गंभीर के कार्यकाल में एक भी मौका नहीं मिला है, जबकि राहुल द्रविड़ ने लगातार भरोसा दिखाया था। बिहार सरकार की स्कीम के तहत DSP बनने पर मुकेश कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
"मैं और सभी बिहारी इससे बहुत खुश हैं। इससे उन सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ेगा जो कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कड़ी मेहनत करें और सकारात्मक रहें।"
यह भी पढ़ें: ODI टीम का हुआ ऐलान, आयरलैंड सीरीज से इस दिग्गज को किया बाहर