बुमराह ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, श्रीलंका दौरे से बाहर होने की खबर ने मचाई हलचल
Table of Contents
Jasprit Bumrah Injury Update: जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने में व्यस्त है। इस सीरीज का आयोजन हरारे में हो रहा है और दूसरा मुकाबला शनिवार, 25 जुलाई को खेला जाएगा। वहीं, अंतिम मैच 26 जुलाई को होगा। इसके बाद, 15 अगस्त से टीम इंडिया को श्रीलंका दौरे पर जाना है। इस दौरे पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंतर्गत दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी।
इस टेस्ट सीरीज को टीम इंडिया की WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के हाथों पिछले साल 2-0 की हार ने उसकी आगे की राह मुश्किल कर दी है। इसी वजह से श्रीलंका दौरे पर भारत एक मजबूत टीम भेजकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगा लेकिन इससे पहले जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को लेकर एक बुरी खबर आई है।
Jasprit Bumrah की इंजरी पर आया अपडेट

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे, क्योंकि उनका बायां घुटना फील्डिंग के दौरान जमीन से टकरा गया था। यह चोट कार्डिफ वनडे के दौरान लगी थी। इसी वजह से लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे मैच में बुमराह बाहर रहे थे और टीम इंडिया को मुकाबले में हार का सामना करने के कारण सीरीज भी गंवानी पड़ी थी।
अब बुमराह (Bumrah) की चोट को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। अपडेट के मुताबिक, चोट की आगे की जांच-पड़ताल के लिए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
CoE में रिपोर्ट करेंगे बुमराह, रिहैब का रोडमैप होगा तैयार
इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया,
"उनके स्कैन किए गए, जिनसे पता चला कि उनके बाएं घुटने में दर्द है। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें इंजेक्शन दिया गया। चोट का आकलन करने के लिए उन्हें CoE में रिपोर्ट करने को कहा गया है। अगले कुछ दिनों में एक और स्कैन किया जाएगा और उसके बाद उनके इलाज और रिहैब की योजना बनाई जाएगी।"
बुमराह के श्रीलंका दौरे के लिए फिट होने को लेकर संशय की स्थिति
भारत को 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेना है। हालांकि, इसमें जसप्रीत बुमराह का खेलना तय नहीं लग रहा है। अगर उनकी चोट गंभीर रही और रिकवरी में ज्यादा समय लगा तो बुमराह बाहर हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आगामी मंगलवार को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो सकता है।
अब देखना होगा कि इसमें जसप्रीत बुमराह को जगह मिलती है या नहीं, या फिर उनका चयन फिटनेस पर निर्भर करेगा। अगर बुमराह बाहर होते हैं तो यह टीम इंडिया के लिए काफी बड़ा झटका साबित होगा।
यह भी पढ़ें: अश्विन का सनसनीखेज खुलासा, इस गलती पर हेड कोच ने लगाई थी क्लास