BCCI सचिव ने IPL 2027 की डेट का किया ऐलान, बताया कब और किस समय से शुरू होगा 20वां सीजन
Table of Contents
IPL 2027: हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन संपन्न हुआ, जो 28 मार्च से 31 मई तक चला। एक बार फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खिताब जीता और लगातार दो सीजन जीतने के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स-मुंबई इंडियंस जैसी टीमों के क्लब में शामिल हो गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में बेंगलुरु की टीम ने गुजरात टाइटंस को एकतरफा हराया था।
पिछले सीजन को खत्म हुए अभी एक महीना भी नहीं हुआ और अगले सीजन को लेकर काफी ज्यादा हलचल देखी जा रही है। फैंस के बीच खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर भी काफी ज्यादा उत्साह है, क्योंकि हर दिन नए अपडेट आ रहे हैं। हालांकि, सभी के मन में IPL 2027 कब शुरू होगा, ये भी जानने की तमन्ना थी। आमतौर पर आईपीएल का सीजन मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है और मई के अंत तक चलता है। लेकिन अगले सीजन में जल्दी शुरुआत हो सकती है।
IPL 2027 का सीजन जल्दी हो सकता है शुरू

BCCI की तरफ से अभी IPL 2027 के शुरू होने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है लेकिन सचिव देवजीत सैकिया ने हिंट देते हुए साफ कर दिया है कि बोर्ड लीग के 20वें सीजन को जल्दी शुरू करने पर विचार कर रहा है। इसकी वजह मौसम है। दरअसल, मार्च-अप्रैल के बाद, काफी ज्यादा गर्मी होने लगती है, जिसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ स्टेडियम में आने वाले फैंस का हाल भी बुरा हो जाता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए BCCI ने अगले सीजन को लगभग दो सप्ताह पहले शुरू करने का प्लान बनाया है। इसकी वजह से मई में जल्दी सीजन का अंत हो जाएगा और ज्यादा गर्मी भी नहीं झेलनी पड़ेगी। इसके अलावा मानसून का असर भी कम ही देखने को मिलेगा।
10 मार्च से IPL 2027 का हो सकता है आगाज
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई के साथ खास बातचीत में बताया कि बोर्ड आईपीएल 2027 को 10 मार्च से शुरू करने पर विचार कर रहा है, ताकि सीजन का अंत 15 मई तक हो जाए। पीटीआई के साथ बातचीत के दौरान सैकिया ने कहा,
"इस साल IPL लगभग 29 मार्च को शुरू हुआ और 31 मई को खत्म हो गया। हम बस इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि टूर्नामेंट के आखिरी दिनों में, यानी 15 मई के बाद, मौसम को लेकर कुछ दिक्कतें हो सकती हैं। खासकर कुछ इलाकों में बारिश या प्री-मानसून सीजन शुरू होने की आशंका रहती है। इसके अलावा फिर गर्मी और तेज धूप भी रहती है, जो न तो खिलाड़ियों के लिए और न ही फैंस के लिए अच्छी होती है।"
BCCI और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल IPL 2027 को जल्दी शुरू करने पर कर रहे विचार
देवजीत सैकिया ने आगे बताया कि इस बारे में बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल दोनों ही चर्चा कर रहे हैं। सीजन के जल्दी शुरू होने से फाइनल स्टेज और प्लेऑफ के दौरान मौसम व कंडीशन का प्रभाव कम हो जाएगा।
सैकिया ने कहा,
"BCCI और हमारी IPL गवर्निंग काउंसिल में इस बात पर चर्चा चल रही है कि क्या हम टूर्नामेंट को मार्च के आखिर से थोड़ा पहले शुरू कर सकते हैं। अगले साल से हम कोशिश करेंगे और मैंने अपने जनरल मैनेजर (गेम्स डेवलपमेंट) को निर्देश दिया है कि वे ऐसी तारीखें देखें जिनसे हम इसे 10 मार्च को शुरू कर सकें और 15 मई तक खत्म कर सकें। ताकि IPL 2027 (जो 20वां एडिशन होगा) के प्लेऑफ और फाइनल के समय मौसम खराब न हो।"
इसके अलावा देवजीत सैकिया ने उन तमाम मीडिया रिपोर्ट्स पर भी विराम लगा दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि IPL 2027 में मैचों की संख्या में इजाफा हो सकता है। सैकिया ने साफ़ कर दिया कि अगले सीजन भी 74 मैच ही खेले जाएंगे लेकिन आने वाले सालों में मैचों की संख्या को बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: अंतिम ODI के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन आई सामने, रोहित-जायसवाल ओपनर, नंबर-3-4-5 पर ईशान-अय्यर-केएल
Tagged:
bcci Devajit Saikia IPL 2027