क्रिकेट फैंस के लिए आई बुरी खबर, खराब पिच की वजह से अचानक मैच किया गया रद्द

Published - 17 Jun 2026, 09:04 AM | Updated - 17 Jun 2026, 09:35 AM

Pitch

ODI match abandoned due to dangerous pitch: क्रिकेट में मैच रद्द होना कोई नई बात नहीं है। अलग-अलग कारणों से कई बार मैच बिना गेंद के या फिर बीच में ही रद्द कर दिया जाता है। हालांकि, ज्यादातर मामलों में इसका पिच से लेना देना नहीं होता है लेकिन कई बार ऐसा भी हुआ है, जब पिच की वजह से मैच ऑफिसियल्स ने मुकाबले को जारी रखने के बजाय रद्द करना उचित समझा।

साल 2009 में भारत को भी किरकिरी का सामना करना पड़ा था, जब श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच 23.3 ओवर के बाद ही 'खतरनाक पिच' के कारण रद्द कर दिया गया था। यह मुकाबला दिल्ली में हुआ था। अब एक बार फिर से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक वनडे मैच को पिच (Pitch) असुरक्षित होने की वजह से रद्द घोषित कर दिया गया। चलिए आपको बताते हैं कि पूरा माजरा क्या है।

खराब Pitch के कारण ODI मैच किया गया रद्द

Pitch 1

दरअसल, आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के मैचों का आयोजन टोरंटो के किंग सिटी में हो रहा था। इस दौरान मंगलवार, 16 जून को नीदरलैंड का सामना कनाडा से हुआ। इस मैच में सिर्फ 4.1 ओवर का खेल हुआ, जिसमें नीदरलैंड की टीम ने 1 विकेट खोकर 15 रन बनाए और फिर खराब पिच (Pitch) के कारण मैच रद्द कर दिया गया।

टॉस जीतकर नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था लेकिन उसे दूसरे ही ओवर में पहला झटका लग गया और ओपनर मैक्स ओ'डॉड खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। पिच में असमान उछाल देखा गया और सिर्फ 25 गेंदों के खेल में बल्लेबाजों को कई बार गेंद लगी। इसी वजह से अंपायरों ने पिच (Pitch) को सुरक्षित नहीं माना और मैच को रद्द करने का फैसला किया।

किंग सिटी की Pitch को चार दिन पहले ही ICC ने बताया था असंतोषजनक

टोरंटो के किंग सिटी में स्थित मेपल लीफ़ नॉर्थ-वेस्ट ग्राउंड की पिच (Pitch) को असुरक्षित करार दिए जाने से पहले 12 जून को यूएसए और नीदरलैंड के बीच वनडे मैच के दौरान इस्तेमाल की गई पिच से ICC खुश नहीं नजर आई थी। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पिच को असंतोषजनक बताते हुए वेन्यू को एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया था।

ईएसपीएन क्रिकइंफो के मुताबिक, मैच रेफरी फिल थॉम्पसन ने USA vs NED मैच की पिच को लेकर कहा,
"यह पिच इस लेवल की क्रिकेट के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। दोनों कप्तानों ने पिच के खराब होने पर निराशा जताई और मैच अधिकारियों ने इसे 'बहुत खराब' माना। पिच पर गेंद का उछाल एक जैसा नहीं था, जिससे खेलने में मुश्किल हुई और हालात खतरनाक भी हो सकते थे। सभी बातों को ध्यान में रखते हुए, मेरा मानना ​​है कि इस पिच को 'असंतोषजनक' रेटिंग मिलनी चाहिए।"

पिच को लेकर ICC के नियम

बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट में पिच (Pitch) तैयार करने को लेकर ICC का एक स्टैंडर्ड है और अगर उस स्तर पर नहीं तैयार की गई तो फिर मैच रेफरी अपने हिसाब से फैसला लेता है। ICC की पिच और आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रोसेस के अनुसार, जिन पिचों को "असंतोषजनक" रेटिंग मिलती है, उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया जाएगा, जबकि "अनफिट" (unfit) पिच रेटिंग मिलने पर वेन्यू को तीन डिमेरिट पॉइंट मिलेंगे।

डिमेरिट पॉइंट लगातार पांच साल की अवधि के लिए लागू रहते हैं, और छह डिमेरिट पॉइंट जमा होने पर वेन्यू को 12 महीनों के लिए इंटरनेशनल मैच आयोजित करने से सस्पेंड कर दिया जाएगा। वहीं, 12 डिमेरिट पॉइंट होने पर 24 महीने का बैन लगेगा।

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया की तस्वीर हुई साफ! 16 खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका, विराट-हार्दिक समेत इन 5 खिलाड़ियों की वापसी

Tagged:

Netherlands Cricket Team Canada Cricket Team ICC Cricket World Cup League Two 2023-27
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com