कोलंबो में चमकेगी इस खिलाड़ी की किस्मत, गिल-गंभीर दे सकते हैं डेब्यू का मौका

Published - 20 Aug 2026, 02:49 PM | Updated - 20 Aug 2026, 03:22 PM

Colombo Test

IND vs SL Colombo Test: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, जिसकी शुरुआत 15 अगस्त से हुई। इस सीरीज का पहला मैच गॉल में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 165 रनों से जीत दर्ज करते हुए 1-0 की बढ़त बनाई। मैच में बारिश का भी प्रभाव देखने को मिला, लेकिन श्रीलंका की टीम हार से नहीं बच पाई।

अब इन दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से खेला जाएगा। इस मुकाबले का आयोजन कोलंबो (Colombo) के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में होगा। ऐसे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर एक ऐसे खिलाड़ी को मौका दे सकते हैं, जिसने इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है।

इस खिलाड़ी को गिल-गंभीर Colombo में दे सकते हैं डेब्यू का मौका

दरअसल, चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी के कारण भारत के स्क्वाड में उनके जैसे ही स्किल वाले ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को भी चुना गया है। उनके लिए यह टीम इंडिया की तरफ पहला बुलावा है। सीरीज के आगाज से पहले माना जा रहा था कि सारांश को गॉल में खिलाया जा सकता है, क्योंकि श्रीलंकाई टीम में बाएं हाथ के कई बल्लेबाज हैं।

हालांकि, शुभमन गिल और गौतम गंभीर की जोड़ी ने सारांश जैन को मौका नहीं दिया। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ मानव सुथार पर भरोसा जताया गया, जिन्होंने गॉल टेस्ट मैच में 10 विकेट लेकर अपने चयन को पूरी तरह सही साबित किया। भारतीय स्पिनर्स के सामने श्रीलंका के बल्लेबाज जूझते नजर आए लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने परेशान किया। इसी वजह से अब कोलंबो (Colombo) में सारांश की एंट्री हो सकती है।

कोलंबो में किसकी जगह ले सकते हैं सारांश जैन?

Colombo Test 1

श्रीलंका के सोनल दिनुषा और निरोशन डिकवेला ने गॉल टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी की। दिनुषा ने पहली पारी में शतक जड़ने के अलावा दूसरी पारी में भी 84 रन बनाए। वहीं, डिकवेला ने पहली पारी में 80 रनों की अहम पारी खेली। दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनर्स के सामने अच्छी चुनौती पेश की। ऐसे में टीम इंडिया एक ऑफ स्पिनर को प्लेइंग XI में शामिल कर स्पिन गेंदबाजी में विविधता लाने के बारे में सोच सकती है।

इस स्थिति में कुलदीप यादव को कोलंबो टेस्ट (Colombo Test) की प्लेइंग XI से बाहर किया जा सकता है। गॉल में कुलदीप के खाते में सिर्फ एक विकेट आया था और उन्हें तीसरे स्पिनर के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। वहीं, मुख्य स्पिन गेंदबाजों की भूमिका रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने निभाई थी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट कुलदीप की जगह सारांश जैन को मौका देने का फैसला कर सकता है।

हालांकि, भारतीय टीम ने कुलदीप को ड्रॉप करने का फैसला नहीं लिया तो फिर सारांश जैन को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह शामिल किया जा सकता है, क्योंकि कोलंबो (Colombo) में भी स्पिनर्स का ही पलड़ा भारी रहने की संभावना है। सारांश के शामिल होने से टीम को ऑफ स्पिन के साथ-साथ एक अतिरिक्त ऑलराउंड विकल्प भी मिलेगा, जिससे भारतीय टीम की बल्लेबाजी में भी गहराई बढ़ेगी।

ऐसा है फर्स्ट क्लास में सारांश जैन का प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश की तरफ से खेलने वाले सारांश जैन ने फर्स्ट क्लास में काफी अच्छा किया है। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका दौरे पर बतौर रिप्लेसमेंट चुना गया। उन्होंने 54 मैचों में 31.75 की औसत से 2223 रन बनाए हैं। इस दौरान दो शतक और 14 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं, गेंदबाजी में 27.30 की औसत से 188 विकेट लिए हैं।

यह भी पढ़ें: दूसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया का हुआ खुलासा, इन 15 खिलाड़ियों को मिला सुनहरा मौका

Tagged:

team india IND vs SL Sri Lanka Cricket team Saransh Jain
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com