टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे को मिली हरी झंडी! अफगानिस्तान सीरीज पर मंडराया खतरा, जानिए कब होंगे सभी मुकाबले
Table of Contents
Team India's Bangladesh Tour: इंग्लैंड दौरे पर मौजूद टीम इंडिया का शेड्यूल इस साल काफी व्यस्त है। पहले से निर्धारित कार्यक्रम के बीच कुछ नई सीरीज जोड़ी गईं। इस बीच भारत के बंगलदेश दौरे पर भी सभी की नजर बनी हुई है, जो पिछले साल पोस्टपोन कर दिया गया था।
इसके बाद, दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच संबंधों में खटास देखने को मिली थी, क्योंकि मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से हटा दिया गया था। वहीं, फिर बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से मना कर दिया था। हालांकि, अब लगता है कि BCCI और BCB के बीच चीजें सुलझ गई हैं और इसी वजह से टीम इंडिया (Team India) सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर जा सकती है।
Team India के बांग्लादेश दौरे को मिल सकती है मंजूरी

बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टीम (Team India) को 3 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने हैं। साल की शुरुआत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मैचों का कार्यक्रम भी जारी किया था। शेड्यूल के मुताबिक सितंबर 1, 3 और 6 को वनडे सीरीज के मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं, सितंबर 9, 12 और 13 को टी20 मुकाबले होंगे।
भारत ने हाल ही में बांग्लादेश के नागरिकों के लिए फिर से वीजा देना शुरू किया है। इसी वजह से माना जा रहा है कि अब शायद संबंध पहले से बेहतर हो गए हैं और टीम इंडिया (Team India) को भी वहां भेजा जा सकता है।
BCB को BCCI से ग्रीन सिग्नल का इंतजार
टाइम्स ऑफ इंडिया को BCB के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया,
"हमें इस दौरे को लेकर उम्मीद है। हमें अभी तक BCCI से हरी झंडी नहीं मिली है, लेकिन उन्होंने यह भी नहीं कहा है कि वे नहीं आ रहे हैं। इसलिए हमें उम्मीद है कि जल्द ही BCCI से सकारात्मक जवाब मिलेगा।"
बता दें कि हाल ही में स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में ICC के बोर्ड मेंबर्स की मीटिंग हुई थी। उसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल भी गए थे। उनसे जुड़े सूत्रों ने बताया है कि टीम इंडिया (Team India) के बांग्लादेश दौरे को लेकर मीटिंग से कुछ सकारात्मक संकेत लेकर लौटे हैं।
भारत की अफगानिस्तान टी20 सीरीज के शेड्यूल में हो सकता है बदलाव
अगर टीम इंडिया के बांग्लादेश दौरे को मंजूरी मिलती है और साल की शुरुआत में घोषित किए गए शेड्यूल के मुताबिक मुकाबले खेले जाते हैं तो इसका अंतिम मैच 13 सितंबर को होगा। इसके बाद भारतीय टीम घर लौटेगी। हालांकि, 13 सितंबर से ही अफगानिस्तान दिल्ली में टीम इंडिया की तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए मेजबानी करने वाला है। इसी वजह से दोनों के शेड्यूल में टकराव हो सकता है।
हालांकि, अब इसे कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत को 17 सितंबर तक टालने पर बातचीत चल रही है, ताकि श्रीलंका के साथ टेस्ट मैचों के बाद बांग्लादेश के छोटे दौरे के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ODI सीरीज के साथ ही फिक्स हुई वर्ल्ड कप 2027 की 15 सदस्यीय टीम इंडिया? जानें कौन-कौन जाएगा अफ्रीका
Tagged:
team india afghanistan cricket team bcci bangladesh cricket team bcb