MIvDD: दिल्ली के खिलाफ होने वाले अहम मैच से पहले मुंबई को मिली अच्छी खबर, हार्दिक पांड्या हुए फिट

Published - 14 Apr 2018, 11:02 AM

खिलाड़ी

इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें सीजन के नौवें मैच में मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें आमने सामने होने वाली हैं. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज शाम 4 बजे से खेला जाएगा. टूर्नामेंट में अबतक मुंबई और दिल्ली ही दो ऐसी टीम हैं, जिन्हें अभी भी पहली जीत की तलाश है, लेकिन जब आज यह दो टीमें आमने-सामने होंगी तो देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम में पहली जीत की भूख ज्यादा है.

मुंबई को चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पराजित होना पड़ा जबकि गौतम गंभीर के नेतृत्व वाली डेयरडेविल्स को किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा है. मुंबई टीम में कप्तान रोहित शर्मा, विंडीज के एविन लुइस, किरोन पोलार्ड और सूर्यकुमार यादव जैसे धुरंधर बल्लेबाज हैं, जो शुरुआती दोनों मुकाबलों में असफल रहे हैं. रोहित लगातार फ्लॉप हो रहे हैं.

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक फिट

मुंबई समर्थकों के लिए अच्छी बात यह है कि चोटिल चल रहे टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस मैच के लिए फिट हैं. आज के मैच में वे अपना जलवा बिखेरने उतरेंगे. बता दें, सीजन के पहले मैच में चेन्नई के खिलाफ हार्दिक चोटिल हो गए थे जिस वजह से वे हैदराबाद के खिलाफ भी मैच नहीं खेल पाए. लेकिन इस मैच में ऐसी समस्या नहीं है. उन्हें इस मैच के लिए फिट घोषित कर दिया गया है.

मयंक से होंगी बहुत उम्मीदें

गेंदबाजी में लेग स्पिनर मयंक मार्कंडे ने पिछले दो मुकाबालों में बेहतरीन गेंदबाजी की है. उन्होंने अब तक कुल सात विकेट लिए हैं. इस समय पर्पल कैप उन्हीं के पास है. एक बार फिर वह रोहित शर्मा के ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं.

गंभीर और पोंटिंग की तालमेल में कमी

दिल्ली को दिग्गज कप्तान गंभीर और दिग्गज कोच आस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग का तालमेल प्रेरित नहीं कर पा रहा है. दिल्ली को राजस्थान के खिलाफ वर्षा बाधित मुकाबले में छह ओवर में 71 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन आश्चर्यजनक रूप से गंभीर खुद इस चुनौती का सामना करने ओपनिंग में नहीं उतरे और डगआउट से अपनी टीम को 10 रन से हारता देखते रहे. अपने पहले दो मैच हार चुकी दिल्ली और मुुंबई की टीमें अपने तीसरे मुकाबले में जीत की पटरी पर लौटने उतरेंगी और जीत के लिए पूरा जोर लगाएंगी.

Tagged:

रोहित शर्मा आईपीएल गौतम गंभीर मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या दिल्ली डेयरडेविल्स
Anurag Singh

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com